दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 जनवरी। जिले में प्रचलित 4 लाख74 हजार509 राशनकार्डों का नवीनीकरण किया जाएगा। गुरुवार से इन प्रचलित राशनकार्डों का नवीनीकरण कार्य शुरू होगा जो 25 जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगा। उक्त नवीनीकरण अवधि में राशन कार्डों में संशोधन, नाम जोडऩे या काटने व नया राशन कार्ड बनाने का कार्य बंद रहेगा।
नवीनीकरण आवेदन प्रस्तुत करने के 2 विकल्प है। पहला राशनकार्डधारी अपने एन्ड्रायड फोन से खाद्य विभाग के पोर्टल अथवा गूगल प्ले स्टोर से राशनकार्ड नवीनीकरण सिटीजन एप डाउनलोड कर इन्सटाल कर सकते है। इसमें एप ओपन करने पर स्क्रीन पर तीन विकल्प प्रदर्शित होंगे। पहले राशनकार्ड नवीनीकरण , दूसरा राशनकार्ड नवीनीकरण की स्थिति जांचे तीसरा राशनकार्ड नवीनीकरण कैसे करें। राशनकार्ड नवीनीकरण आवेदन हेतु प्रथम विकल्प राशनकार्ड नवीनीकरण चुनना होगा। राशनकार्ड नवीनीकरण हेतु दो विकल्प राशनकार्ड में प्रदर्शित क्यू.आर. कोड स्कैन कर तथा राशनकार्ड नम्बर एवं राशनकार्ड में दर्ज मोबाईल नम्बर सत्यापन द्वारा दिखेंगे। क्यू.आर.कोड स्कैन अथवा मोबाईल नम्बर सत्यापित होने पर राशनकार्ड की ई-केवाईसी सहित अन्य जानकारियां प्रदर्शित होंगी। जानकारियों के नीचे अंकित घोषणा पत्र के बाक्स में चयन कर राशनकार्ड नवीनीकरण आवेदन बटन को दबाना होगा। राशनकार्ड नवीनीकरण आवेदन स्वीकार होने पर स्क्रीन पर संदेश प्रदर्शित होगा।
खाद्य नियंत्रक सीपी दीपांकर ने बताया कि आवेदन के दूसरे विकल्प में जो उपभोक्ता उपरोक्त कार्रवाई नहीं कर सकते ऐसे उपभोक्ता राशनकार्ड तथा सदस्यों का आधार, मूल प्रति एवं छायाप्रति के साथ अपने शा.उ.मू. दुकानदार से संपर्क कर उक्त प्रकिया पूर्ण करा सकेंगे किन्तु राशनकार्ड एवं मोबाईल नम्बर विकल्प से नवीनीकरण किये जाने की स्थिति में राशनकार्ड में संलग्न मोबाईल भी लेकर जाना होगा।