दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 जनवरी। महिलाओं का समूह बनाकर खाते में एक-एक लाख रुपए डालने के बाद उसे रकम पर लाखों रुपए का लोन देने का लालच देकर महिला के साथ ठगी करने वाले एक आरोपी एवं एक नाबालिग को कोतवाली पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक मणी शंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थिया नंदिता कौशल 26 दिसंबर को थाना उपस्थित होकर एक लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत की कि घटना 23 दिसंबर को पीडि़ता कांति साहू एवं अन्य महिला की जमा राशि 90,000 रूपये को आरोपी जगदीश साव एवं एक अन्य नाबालिग ने धोखाधड़ी करते हुए उनके खाते से राशि निकालकर ठगी कर ली है।
17 दिसंबर को आरोपी जगदीश साव राजीव नगर दुर्ग अपने मोटर सायकल पल्सर में एक अन्य लडक़े के साथ आकर अपने आपको लैडिंग कार्ड फायनेंस रायपुर का कर्मचारी होना बताकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं व्यवसाय हेतु छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में खाता खुलवाकर कम से कम 01 लाख रूपये रकम जमा करने पर प्रति महिला को 4 से 5 लाख रूपये का लोन 01 प्रतिशत में दिलाने का भरोसा दिलाकर झांसे में लिया।
दोनों आरोपी ने 18 दिसंबर को महिलाओं को बुलाकर उनके साथ मीटिंग लिया। जिस पर भरोसा कर 05 महिला समूह बनाकर कांति साहू के नाम से छ.ग. राज्य ग्रामीण बैंक शाखा दुर्ग में खाता खोलकर रकम 90,000 रूपये जमा किया गया। आरोपी खाता खोलने की जानकारी खाता क्रमांक प्राप्त कर बैंक खाता में नेट बैंकिंग चालू कर एक बेनीफिसरी खाता बनाकर जमा रकम को धोखा देकर अपने बैंक खाता में ट्रांजेक्शन कर लिया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मुखबिर की निशानदेही पर संदेही आरोपी जगदीश साव (21) व उसके सहयोगी नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। दोनों ने घटना को कारित कर जुर्म स्वीकार किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आरोपी एवं नाबालिग के विरूद्ध प्रकरण में धारा 120बी, 467, 468 भादवि एवं 67 आई.टी. एक्ट जोड़ी गई।