दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 जनवरी। सेठ आर. सी. एस. कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय द्वारा स्वीप कार्यकम के तहत मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यकम के प्रचार-प्रसार हेतु रैली के माध्यम से नागरिको एंव मतदाताओं को जागरूक किया गया। यह रैली केलाबाड़ी एंव कसारीडीह वार्ड के विभिन्न स्थानों पर निकाली गई।
रैली के माध्यम से 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के द्वारा विभिन्न पोस्टरों एंव स्लोगन के माध्यम से मतदान के महत्व का प्रचार किया गया। रैली से पूर्व इस कार्यकम के तहत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में पंजीयन हेतु प्रोत्साहित करते हुए ऑनलाईन पंजीयन प्रकिया के बारे बताया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पूजा मल्होत्रा ने नवीन विद्यार्थियों को मतदाता सूची में पंजीकरण के विभिन्न माध्यमों की जानकारी दी एवं कहा कि रैली के माध्यम से नागरिकों को भी जागरूक करें। महाविद्यालय के स्वीप कार्यकम अधिकारी युगेश देशमुख ने मतदाता सूची का शुद्धिकरण की जानकारी दी तथा सभी विद्यार्थियों को अपने निवास स्थान के आसपास के नवयुवकों को मतदाता सूची में पंजीयन हेतु प्रोत्साहित करने के लिए कहा। इसके पश्चात् छात्र-छात्राओं को मतदान करने हेतु शपथ दिलाई गई।