दुर्ग

नौकरी दिलाने का झांसा, 40 लाख की ठगी
12-Jan-2024 2:45 PM
नौकरी दिलाने का झांसा, 40 लाख की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 जनवरी।
अपनी ऊंची पहुंच बताते हुए सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर दोस्त ने ही दोस्त के साथ 40 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगी करने के बाद आरोपी भिलाई का घर छोडक़र कहीं और चला गया। प्रार्थी की शिकायत पर पदमनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थी जेल लाइन दुर्ग निवासी ताकेश्वर साहू ने शिकायत दर्ज कराई है कि विकास ठाकुर पिता सुरेंद्र ठाकुर स्थाई पता रिंग रोड शिव मंदिर के पास अंबिकापुर जिला सरगुजा जो कि जुनवानी भिलाई में किराए के मकान में निवास करता था, उसकी दोस्ती कुछ माह पूर्व प्रार्थी से हुई थी। आरोपी विकास ठाकुर का प्रार्थी के घर आना जाना लगा हुआ था। इस दौरान आरोपी ने बड़े-बड़े अधिकारियों से अपनी पहचान होने की बात कहकर उसे सरकारी नौकरी लगने का झांसा दिया। उसके झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग दिनांक पर एवं अलग-अलग खाते से कुल 40 साल लाख रुपए आरोपी को दे दिए। इसके बाद आरोपी ने ना तो प्रार्थी की नौकरी लगाई और ना ही उसकी रकम वापस की। रकम मांगे जाने पर वह बार-बार टालमटोल करता रहा। इसके बाद आरोपी ने एचडीएफसी बैंक अंबिकापुर का 5 लाख का चेक दिया और फोन पर कहा कि उसकी माता की तबीयत खराब है, वह धीरे-धीरे रकम लौटा देगा।

जब प्रार्थी ने उक्त चेक को बैंक में डाला तो रकम न होने की वजह से चेक बाउंस हो गया। इसके बाद तामेश्वर साहू आरोपी के जुनवानी वाले घर पर गया तो वहां ताला लगा हुआ था। आरोपी वह मकान को छोडक़र कहीं और चला गया था।
 


अन्य पोस्ट