दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 जनवरी। हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा प्रथम बार राष्ट्रीय एकता शिविर एनआईसी का आयोजन 2 से 08 जनवरी तक शासकीय मॉडल कॉलेज, सोमनी राजनांदगांव में किया जा रहा है।
विवि के राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक एवं कल्याण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरपी अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर के आयोजन का दायित्व भारत सरकार द्वारा हेमचंद यादव विवि, दुर्ग को सौंपा गया है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य की एनएसएस सम्पर्क अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय शिविर के दौरान एनएसएस के छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश राज्यों के रीजनल डायरेक्टर, श्रोती भी उपस्थित रहेंगे।
डॉ. आर. पी. अग्रवाल के अनुसार राष्ट्रीय एकता शिविर में छत्तीसगढ़ को मिलाकर कुल 14 राज्यों के एनएसएस के चयनित स्वयंसेवक एवं कार्यक्रम अधिकारी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक राज्य से 10 स्वयं सेवकों तथा 01 कार्यक्रम अधिकारी को इस शिविर में शामिल होने की नियमानुसार अनुमति है।
डॉ. अग्रवाल के अनुसार 03 जनवरी को सुबह 11 बजे राष्ट्रीय एकता शिविर का उद्घाटन हेमचंद यादव विवि, दुर्ग की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा एवं आयुक्त उच्च शिक्षा, छत्तीसगढ़ शासन, शारदा वर्मा द्वारा किया गया। विवि के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप एवं एनएसएस के जिला संगठक तथा कार्यक्रम अधिकारी एवं लगभग 150 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवक इस अवसर पर उपस्थित रहेे।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि 04 जनवरी को राष्ट्रीय एकता शिविर में शामिल सभी स्वयं सेवकों द्वारा अपने-अपने राज्यों की पोशाकों में संस्कृति का प्रदर्शन सांस्कृतिक रैली के माध्यम से किया जायेगा।
05 जनवरी को सभी स्वयं सेवक डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के साथ-साथ स्वच्छता अभियान एवं पर्यावरण अध्ययन करेंगे। शिविर के दौरान प्रतिदिन शाम को अलग-अलग राज्यों के स्वयं सेवक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।