दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 दिसंबर। साइंस कॉलेज दुर्ग में राष्ट्रीय सेवा योजना और रेड क्रॉस सोसाइटी एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वधान में नशा मुक्ति अभियान चलाया गया जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को नशा से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एम ए सिद्दीकी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से राष्ट्रीय सेवा योजना तथा रेडक्रास सोसायटी के स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति हेतु युवाओं को जागरूक किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सिद्धिकी ने सभी प्राध्यापकों, अधिकारी एवं विद्यार्थियों को नशा मुक्ति हेतु शपथ ग्रहण कराया। जिसके अंतर्गत उन्होंने संकल्प लिया कि वे भविष्य में नशे से होने वाली हानियों को जानते हुए स्वयं नशे सेवन संबंधी वस्तुओं जैसे तंबाकू, बीड़ी, शराब और सिगरेट से दूर रहेंगे तथा अपने मित्र, परिजनों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के आईक्यूएसी संयोजक डॉ अनुपमा अस्थाना ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। अर्थशास्त्र विभाग से डॉ. के पद्मावती ने विद्यार्थियों को नशा से होने वाली हानियों के बारे में बताया। डॉ ज्योति धारकर ने बताया कि हमारे युवा नशे के कारण अपनी प्रतिभा का सही उपयोग नहीं कर पा रहे हैं, यदि वे नशा छोड़ दें तो वह अपने परिवार और समाज को बहुत कुछ दे सकते हैं। इसी प्रकार डॉ अनुपमा कश्यप एवं डॉ. सुनीता सावरिया ने अपने विचारों से विद्यार्थियों को लाभान्वित किया।
वाणिज्य विभाग से डॉ.लाली शर्मा ने स्वस्थ समाज के लिए नशा मुक्ति कितनी आवश्यक है इस पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर जनेंद्र कुमार दीवान एवं डॉ मोतीराम साहू ने बताया कि यह कार्यक्रम निरंतर महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाता है जिससे महाविद्यालय को नशा मुक्त रखा जाए इसके लिए महाविद्यालय द्वारा सभी विद्यार्थियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
इस विषय में समय-समय पर महाविद्यालय में साहित्यिक समिति द्वारा निबंध प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता जैसे विविध आयोजन किए जाते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जागरूकता लाने के लिए छोटे से नुक्कड़ नाटक का भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में प्राध्यापकगण उपस्थित थे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस एवं रेडक्रास सोसायटी के स्वयं सेवक लोकदीप, देवेश, टुकेश्वर, मोहम्मद आदिल, हरीश, शांभवी साहू का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।