दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 दिसंबर। आदेश के बावजूद 21 क्विंटल धान खरीदी अब तक शुरू नहीं होने को लेकर जनपद पंचायत दुर्ग की सामान्य सभा में जनपद सदस्य रूपेश देशमुख ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया सदस्यों ने उपार्जन केद्रों में गड़बड़ी को लेकर नोडल अधिकारियों की भूमिका पर भी नाराजगी जताई।
बैठक में देशमुख ने कृषि विभाग के अधिकारी से पूछा कि धान खरीदी केन्द्रों में नोडल अधिकारी है या नहीं यदि है तो उनके द्वारा केन्द्रों का विजिट किया जाता है क्या ? इस पर बैठक में मौजूद कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया कि कृषि विस्तार अधिकारी इसके लिए नोडल अधिकारी बनाए गए है जो शनिवार एवं रविवार को केन्द्रों का विजिट करते हैं। देशमुख ने कहा इस दिन तो खरीदी बंद रहता है इस पर कृषि विभाग के अधिकारी कहने लगे पूछकर बताऊंगा बैठक में उपार्जन केन्द्रों में गड़बड़ी पर नाराजगी जताते हुए सदस्यों ने इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त सभी आर ईओ को अनिवार्य रूप से सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को संबंधित उपार्जन केन्द्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने निर्देशित किए जाने प्रस्ताव लिया।
देशमुख ने कहा कि जिले में अब तक सहकारी समितियों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से धान खरीदी शुरू नहीं हुई है कहीं प्रति एकड़ 20.40 तो किसी समिति में 19.60 क्विंटल के हिसाब से धान खरीदी की जा रही है जनपद पंचायत दुर्ग की सामान्य सभा में जनपद सदस्य रूपेश देशमुख ने यह मुद्दा उठाते हुए धान खरीदी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया।
इलेक्ट्रानिक कांटों का भी नहीं कराया सत्यापन
देशमुख ने कहा कि 21 दिसंबर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का आदेश हो चुका है मगर क्षेत्र के सहकारी समितियों में इसका पालन नहीं हो रहा उन्होंने अलग अलग समितियों में दो तरह की खरीदी व्यवस्था पर सवाल उठाया।
उन्होंने बैठक में मौजूद खाद्य विभाग के अधिकारी से पूछा उपार्जन केन्द्रों में उपयोग किए जा रहे कांटा बाट का मापतौल विभाग से सत्यापन कराया है या नहीं इस पर बताया गया कि बाट एवं पल्लों का माप किया गया है।
देशमुख ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों धान खरीदी के लिए उपयोग किए जा रहे कांटा बाट का सत्यापन नहीं कराया गया है। इस पर बैठक में धान खरीदी के दौरान उपयोग किए जा रहे इलेक्ट्रानिक कांटा का सत्यापन कराए जाने प्रस्ताव पारित किया गया।