दुर्ग

दुर्ग नौतनवा एक्सप्रेस के समय परिवर्तन की मांग
29-Dec-2023 4:07 PM
दुर्ग नौतनवा एक्सप्रेस के समय परिवर्तन की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 दिसंबर। अयोध्या नगरी में 22 जनवरी को रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में शामिल होने जाने वाले लोगों ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर नौतनवा एक्सप्रेस के समय को बदलने एवं नियमित किए जाने की मांग की है।

प्रगतिशील रेल कल्याण एवं विकास समिति के अध्यक्ष डी संजीवी एवं सचिव डी साईं बाबा ने बताया कि ट्रेन क्रमांक 18205 एवं 18206 के दुर्ग से छूटने एवं वापस दुर्ग स्टेशन पहुंचने के समय से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है और वे भविष्य में भी रामलाल के दर्शन करने से वंचित रहेंगे।

दुर्ग से रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लाखों लोगों के जाने की संभावना है, लेकिन छत्तीसगढ़ से एकमात्र साप्ताहिक नौतनवा एक्सप्रेस गुरुवार को रात्रि 7.55 बजे छुटती है जो रायपुर, उसलापुर, शहडोल, कटनी, प्रयागराज, सुल्तानपुर होकर दूसरे दिन दोपहर को अयोध्या में पहुंचकर रात्रि 10 बजे नौतनवा में समाप्त होती है।

डी संजीवी ने बताया कि ट्रेन क्रमांक 18206 नौतनवा से दुर्ग के लिए शनिवार को सुबह 9 बजे छुटती है जो दूसरे दिन दोपहर को दुर्ग स्टेशन पर पहुंचती है। सप्ताह में एक दिन ट्रेन होने के कारण श्रद्धालुओं को विकट समस्या का सामना करना पड़ सकता है।

समिति की ओर से केंद्रीय रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया है और मांग की गई है कि नौतनवा एक्सप्रेस को दुर्ग से दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच दोपहर में छोड़ जाए जिससे यात्री सुबह 8 बजे तक आयोध्या पहुंच सके। वहीं वापसी में उक्त ट्रेन को शाम 5 बजे से 6 बजे के मध्य छोड़ जाए ताकि ट्रेन अयोध्या में रात 9 से10 बजे तक आ जाए और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना ना पड़े।


अन्य पोस्ट