दुर्ग
दुर्ग, 29 दिसंबर। पुलगांव थाना अंतर्गत हाईवे पर बुधवार की रात वैन चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक चालक को अपनी चपेट में ले लिया। इससे बाइक चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलगांव पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बुधवार की रात लगभग 9 बजे बनबघेरा सोमनी निवासी बलिराम मंडावी 51 वर्ष अपनी बाइक पर सवार होकर दुर्ग से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाइवे मार्ग पर वैन के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बलिराम मांडवी की मोटरसाइकिल को ठोकर मार दी। इससे बलिराम के सिर पर गंभीर चोटे आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं वैन भी पलट गई। आरोपी चालक अपनी वाहन को छोडक़र फरार हो गया। पुलगांव थाना प्रभारी तपेश्वर सिंह नेताम ने बताया कि मृतक बलिराम मंडावी मालवीय नगर में किसी का ट्रक चलाता था और वह काम पर से वापस घर लौट रहा था। मर्ग कायम कर आरोपी की तलाश की जा रही है।