दुर्ग
मारपीट, सिर फोड़ा, जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 दिसंबर। न्यू खुर्सीपार में राधा कृष्ण मंदिर से निकली कलश यात्रा में किसी ने मंदिर के पुजारी का मोबाइल चोरी कर लिया। जब वो मोबाइल के विषय में पतासाजी कर रहे थे, तभी एक अज्ञात आरोपी पंडितजी से उलझ गया और जमकर मारपीट की।
पुलिस ने बताया कि सब्जी मार्केट न्यू खुर्सीपार निवासी 49 वर्षीय सुरेश मिश्रा पेशे से पुजारी हैं और वर्तमान में राधा कृष्ण मंदिर न्यू खुर्सीपार में पूजा पाठ करते हैं। पं. जवाहर लाल नेहरू स्कूल के सामने खुर्सीपार में कलश यात्रा में वो शामिल थे, काफी भीड़ में कल शाम लगभग 4.30 बजे क्रांति चाट ठेला के सामने खुर्सीपार कलश यात्रा पहुंची तभी सुरेश मिश्रा के कुर्ता में रखा मोबाईल किसी ने निकाल लिया।
एक अज्ञात व्यक्ति जिसकी उम्र करीब 35 थी, उससे सुरेश ने पूछा कि मेरा मोबाईल लिये हो क्या? इसी बात पर अज्ञात व्यक्ति गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए अपने हाथ में रखे पत्थर से सुरेश के सिर पर वार कर दिया। आसपास खड़े लोगों ने विरोध किया तो अज्ञात व्यक्ति भाग निकला।
घटना की रिपोर्ट पर खुर्सीपार पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 294, 323, 506बी के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।