दुर्ग

अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं किसान-गजेन्द्र
26-Dec-2023 3:52 PM
अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं किसान-गजेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 26 दिसंबर। किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ है प्रदेश में इन किसानों के हित में बकाया बोनस राशि भुगतान का फैसला किया गया उक्त बातें जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग में अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म दिन सुशासन दिवस पर आयोजित धान बोनस वितरण समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने व्यक्त की।

इस दौरान जिला सहकारी बैंक अंतर्गत बालोद, दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के 4 लाख 13 हजार 582 किसानों के खरीफ विपणन वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 की बकाया धान की बोनस 633 करोड़ 1 लाख 84 हजार रुपए का अंतरण सीधे उनके बैंक खाते में किया गया।

 यादव ने कहा कि पहले किसानों को धान बेचने रतजगा करना पड़ता था पूर्व में भाजपा के डॉ. रमन सिंह सरकार ने सहकारी समितियों को कंप्यूटरी कृत कर इस समस्या से निजात दिलाया उनके ही प्रयासों से आज किसानों को जिला सहकारी बैंक से शून्य प्रति शत व्याज पर ऋण मिल रहा है। इससे अब किसानों को खेती के कार्यों में अपना पैसा नहीं लगाना पड़ता है। किसान की जमीन और मेहनत रहता है पैसा सरकार देती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने कांग्रेस सरकार के समय में सहकारिता के क्षेत्र में मनोनयन पर कटाक्ष करते कहा कि सहकारिता उधारी के जन प्रतिनिधि में नहीं चलने वाली है। प्रदेश में सहकारिता को पुनर्जीवित कर मजबूत करने में 10 साल लगेंगे किसान व सहकारिता के नींव की गहराई को नापा नहीं जा सकता।

बकाया धान की बोनस राशि पाकर खिले किसानों के चेहरे

प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 की बकाया धान की बोनस राशि का 3716 करोड़ 38 लाख 96 हजार का भुगतान किया गया। जिले के 1 लाख 13 हजार 151 किसानों को 177 करोड़ 72 लाख रूपए का अंतरण सीधे उनके बैंक खाते में किया गया। जिले के किसानों में भारी उत्साह देखा गया। ग्राम गिनयारी के किसान गुमेन्द्र साहू बताते है कि उन्हें बोनस राशि मिलने की कोई उम्मीद नहीं थी। परन्तु यह राशि मिलने पर वे एवं उनका परिवार बहुत खुश है।

ग्राम बोरई के युवा किसान ओमेश्वर यादव एवं गजल यादव ने भी बोनस राशि के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को धन्यवाद दिया। गजल यादव ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हित में किया गया यह फैसला किसानों के लिए लाभदायक साबित हुआ है। ओमेश्वर यादव बताते है कि बकाया बोनस राशि को वे भूल गए थे, इस समय पर यह मिलना उनके लिए लॉटरी मिलने जैसा अनुभव हो रहा है।

इस दौरान बैंक के प्राधिकृत अधिकारी व कलेक्टर पुष्पेन्द्र मीणा, जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, पूर्व विधायक जागेश्वर साहू व रमशीला साहू, पूर्व सभापति लुमेश्वर चंद्राकर, रमाकांत द्विवेदी, विनायक ताम्रकार, धनश्याम दिल्लीवार, तीरथ यादव, चंद्रशेखर बंजारे, अजय तिवारी, दिलीप वर्मा, रूप नारायण शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे कार्यक्रम का संचालन बैंक के प्रभारी सीईओ हृदेश शर्मा ने किया


अन्य पोस्ट