दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 दिसंबर। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में कम्प्यूटर साईंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा ‘कंप्यूटर विज्ञान और सूचना प्रौद्योगिकी में कैरियर के अवसर और भविष्य की संभावनाएं’ विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सनत कुमार साहू ने अतिथि का स्वागत किया एवं डॉ. लतिका ताम्रकार ने अतिथि का परिचय दिया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. गार्गी शुक्ला, सहायक प्राध्यापक शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर थी।
डॉ. शुक्ला ने अपने व्याख्यान में कम्प्यूटर के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं को विस्तार से बताया एवं अच्छे कैरियर के लिए विद्यार्थियों को कम्प्यूटर साईंस एवं आईटी के क्षेत्र में अपनी कुषलता बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाला समय निश्चित रूप से इन्फॉरमेंशन टेक्नालॉजी का होगा। अत: विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा के प्रारंभिक स्तर से कम्प्यूटर एवं आई टी के क्षेत्र में विशेष तैयारी करना चाहिए। उन्होंने अपने व्याख्यान के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों के शंकाओं का निराकरण किया तथा इस क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न कैरियर विकल्पों से अवगत कराया।
कार्यक्रम मेें विभाग के अतिथि व्याख्याताओं समीर कुमार, अर्चना पात्रा, दिव्या जायसवाल, राधिका साहू, अम्बे साहू, मेघराज सोनी एवं लक्ष्मण देवांगन के साथ ही लगभग 130 विद्यार्थी उपस्थित हुये। कार्यक्रम के अंत में विभाग के डॉ. दिलीप कुमार साहू ने धन्यवाद ज्ञापन किया।