दुर्ग

संडे मार्केट में जो दुकानदार दिहाड़ी पसरा लगवाएगा, उसकी रजिस्ट्री होगी शून्य - रिकेश
25-Dec-2023 3:09 PM
संडे मार्केट में जो दुकानदार दिहाड़ी पसरा लगवाएगा, उसकी रजिस्ट्री होगी शून्य - रिकेश

विधायक ने मार्केट पहुंच जांची व्यवस्था, कहा अगले संडे होगी बड़ी कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 25 दिसंबर।
सुपेला स्थित संडे बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों और सडक़ पर ठेला खोमचा पसरा लगा व्यवसाय करने वालों की वजह से जाम की स्थिति बनने की शिकायत पर कल शाम वैशाली नगर विधायक मौके पर पहुंचे और निगम अधिकारियों को बुला कर मार्केट की व्यवस्था सुधारने निर्देश दिए। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि इस मार्केट में जिन व्यापारियों की दुकान है, वे स्वयं व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं, उन्होंने चेतावनी दी कि अगले रविवार जिस व्यापारी की दुकान के सामने पसरा लगा होगा उनका गुमास्ता रद्द कर रजिस्ट्री शून्य की जाएगी।

वैशाली नगर विधायक ने कहा कि संडे बाजार एक चैलेंज हो गया है, लोग व्यापार करते हैं वहां तक ठीक है लेकिन मेरे द्वारा जब स्थल पर निरीक्षण किया गया तो काफी हैरानी हुई। कई दुकानदार खुद दुकान के सामने सामान सजा रखें हैं और पार्किंग की जगह उन्होंने अन्य ठेले खोमचे और पसरा लगा व्यवसाय करने वालों को डेली वेज पर दे रखा है। संडे को पूरा बाजार जाम की वजह से बदहाल है, न एम्बुलेंस आ जा सकती है और न ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां। पूरा मुख्य मार्ग पसरा और ठेले खोमचे से अटा पड़ा है। यह सडक़ आवासीय कॉलोनी की ओर जाती है, आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड जैसे गाडिय़ों को गंतव्य तक शीघ्र से शीघ्र पहुंचना जरूरी है। इसके आलावा मरीज को अस्पताल तक ले जाने के लिए यही एप्रोच रोड भी है। 

शादी समारोह एवं छात्र-छात्राओं को स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग सेंटर जाने के लिए भी यही प्रमुख मार्ग है। 100 फीट से डेढ़ सौ फीट चौड़ाई वाली इस सडक़ पर संडे मार्केट के कारण लोग सहजता से आवागमन नहीं कर सकते हैं। सुपेला चौक से लेकर मस्जिद तक सडक़ की चौड़ाई 100 फीट की है एवं मस्जिद से लेकर गदा चौक तक मार्ग की चौड़ाई 150 फिट है, परंतु जान बूझ कर व्यापारी वर्ग सडक़ पर दाहिने एवं बायीं ओर सडक़ पर अतिक्रमण कर पसरा लगवा रहे हैं जिसके कारण मार्ग की चौड़ाई घटकर केवल 20 फीट रह जाती है और बरसों से इसके कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है एवं बाधित हो रहा है। इस स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन के द्वारा संयुक्त प्रयास भी किया गया है। इस समस्या के समाधान के लिए आईएएस, आईपीएस अधिकारियों के द्वारा कई बार प्रयास किए गए। कुछ दिन तक स्थिति ठीक रहती है समय बीतने के साथ पुन: व्यापारियों के द्वारा समस्या खड़ी कर दी जाती है। 

इस समस्या के निराकरण के लिए अगले सप्ताह मीडिया के माध्यम से सभी व्यापारियों को संदेश है कि यदि एक भी दुकानदार 1 फ़ीट भी अपनी हद से आगे बढ़ा उसकी रजिस्ट्री शून्य मानी जाएगी। इसके आलावा जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन की टीम के द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए तत्काल उसके प्रतिष्ठान को सील किया जाएगा। 

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि हर दुकानदार अपने सामने फल का दुकान लगाने देता है। फल व्यापारी शाम को प्रतिदिन संबंधित दुकानदार को 200 से  1500 तक देता है। संडे मार्केट में 20 फीसदी लोग भिलाई के रहने वाले हैं बाकी सभी व्यापारी नागपुर से ट्रेन द्वारा सुबह पहुंचते हैं, दिन भर संडे मार्केट में व्यवसाय करने के बाद 80 प्रतिशत व्यापारी लौट जाते हैं, ये सभी बाहर से आते हैं तथा स्थानीय नहीं हैं। जो व्यापारी आवागमन को बाधित कर रहे हैं, उन सभी का कल गुमास्ता लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। बिना वजह के ट्रैफिक जाम की स्थिति से संडे मार्केट को किसी भी तरह मुक्ति दिलाना है। उन्होंने कहा कि इतवार के दिन इस विपरीत परिस्थिति को हटाने के लिए देश की सबसे बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 


अन्य पोस्ट