दुर्ग
मायके से रकम लाने के लिए पति, ससुर, सास व ननंद देते थे दबाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 दिसंबर। विवाह के बाद मायके से रकम लाने एवं पिता के जायदाद में हिस्सा मांगने की बात को लेकर पीडि़ता को ससुराल में सताने वाले पति, ससुर, सास एवं ननंद को कोर्ट ने सजा दी है।
अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी गणेश राम पटेल की कोर्ट ने पीडि़ता के पति निमिष अग्रवाल को पत्नी के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने के आरोप में धारा 377 के तहत 9 वर्ष सश्रम कारावास एवं 10,000 रुपए अर्थदंड, अर्थदंड की राशि अदा न कर पाने पर 1 वर्ष के सश्रम कारावास, धारा 323, दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत 1 वर्ष का सश्रम कारावास, 1000 रुपए अर्थदंड से दंडित किया।
पीडि़ता के ससुर सुनील अग्रवाल एवं सास रेखा अग्रवाल को धारा 498 ए, 323 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत 10 -10 माह के साधारण कारावास,1-1 हजार रुपए अर्थ दंड, पीडि़ता की ननंद नेहा अग्रवाल को 6 माह का कारावास एवं 1000 रुपए अर्थ दंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक श्रीमती पूजा मोंगरी ने पैरवी की थी।
पीडि़ता का विवाह 16 जनवरी 2007 को नेहरू नगर भिलाई निवासी आरोपी निमिष अग्रवाल के साथ संपन्न हुआ था। विवाह के पूर्व पीडि़ता की सास रेखा अग्रवाल एवं सुनील अग्रवाल के द्वारा पीडि़ता के मायके वालों पर दबाव बनाया गया कि उसके ससुराल वालों का बड़े-बड़े लोगों के साथ उठना बैठना इसलिए शादी में वे लोग अच्छे से अच्छा इंतजाम करें। उनके दबाव के चलते पीडि़ता के पिता ने शादी के समय अपने हैसियत से बढक़र अच्छा इंतजाम किया था।
शादी के बाद उसके साथ ससुर एवं पति उसे अपने पिता की जायदाद में हिस्सा मांगने के लिए दबाव देने लगे। ससुराल वाले आए दिन ताना देकर उसे परेशान करने लगे। ससुराल वाले शादी के बाद मायके से रकम लाने के लिए प्रताडि़त करने लगे थे। तब पीडि़ता ने अपने पिता से बोलकर ससुराल वालों की कंपनी के बैंक खाते में लगभग ढाई करोड रुपए ट्रांसफर करवाए थे। उसके बाद भी ससुराल वाले दहेज की लालच में आकर उसे बीएमडब्ल्यू कार अपने पिता से मांगने के लिए दबाव देने लगे। जब पीडि़ता इसके लिए तैयार नहीं हुई तो ससुराल वाले उसे गाली गलौज देकर अपशब्द बोलते थे, वही उसका पति निमिष अग्रवाल पीडि़ता के साथ अप्राकृतिक कृत्य करता था। परेशान होकर पीडि़ता ने 7 मई 2016 को थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।