दुर्ग
दुर्ग, 24 दिसंबर। अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से नशीली टेबलेट रखकर उसकी बिक्री करने वाली महिला को मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार,तस्करी व बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी के तहत 22 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि शंकर नगर दुर्ग निवासी महिला आकांक्षा खंडेलवाल जो एक खाली प्लॉट शंकर नगर दुर्ग में नशीली टैबलेट रखकर बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची।
पुलिस को देख महिला वहां से भागने का प्रयास करने लगी, परंतु पुलिस की टीम ने घेराबंदी करते हुए आकांक्षा खंडेलवाल (31 वर्ष) निवासी शंकर नगर नाला के पास थाना मोहन नगर को पकड़ा।
महिला के पास से 4800 नग नशीली टैबलेट को जब्त किया है। आकांक्षा खंडेलवाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। उसके खिलाफ धारा 8,22 (ग), 27 (क) नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।