दुर्ग

मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना का कार्य पूर्ण, महीनों बाद भी नहीं मिली राशि
23-Dec-2023 4:10 PM
मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना का कार्य पूर्ण, महीनों बाद भी नहीं मिली राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 23 दिसंबर। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना का कार्य पूर्ण होने के महिनों बाद भी ग्राम पंचायतों को इन कार्यों की राशि नहीं मिली है। सरपंच संघ की बैठक में सरपंचों ने यह मुद्दा उठाते हुए नाराजगी जताई। बैठक में मौजूद सरपंचों ने तत्काल पंचायत के खातों में राशि जारी करने  मांग की है।

सरपंच संघ के कोषाध्यक्ष भूपेन्द्र रिगरी  ने कहा कि मुख्य मंत्री स्कूल जतन योजना के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में करोड़ों रुपए स्वीकृत किए गए है योजना के तहत पूर्ण कार्य के मूल्यांकन की अंतिम राशि 3-4 माह बाद भी संबंधित ग्राम पंचायत के खाते में जारी नहीं की गई सरपंच संघ ने सर्व सम्मति से इस संबंध में प्रस्ताव पारित की है।

नलजल योजना के धीमी गति को लेकर रोष

 इसी प्रकार जिले के सभी ग्राम पंचायतों में नलजल योजना के जो कार्य चल रहे इसकी गति बहुत धीमी है। सरपंचों ने कहा कि इसकी वजह से हो रही परेशानी की वजह से उन्हें ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में मौजूद सभी सरपंचों ने कहा कि नल जल योजना के जो कार्य चल रहे है। इसे तीव्र गति से पूरा किया जाना चाहिए जिससे कि समय पर पेयजल की समस्या दूर किया जा सके सरपंचों ने बैठक में नव निर्वाचित दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर व अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के सम्मान में जनपद सभागार में कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया।

बैठक में सरपंच संघ अध्यक्ष मुकुंद पारकर, भूपेन्द्र रिगरी, घनश्याम दिल्लीवार, रेखा चतुर्वेदी, पुष्पा देशमुख, वामन साहू, भुनेश्वरी वर्मा, संगीता साहू, खेमिन निषाद, अश्वनी यादव, घसिया राम देशमुख, पोषण ठाकुर, सुखीराम यादव, मनीष साहू, अशोक साहू, भारत चंद्राकर, ममता साहू आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट