दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 दिसंबर। हेमचंद यादव विवि द्वारा गुरुवार को अंतरमहाविद्यालयीन युवा उत्सव प्रतियोगिता 2023 के चौथे दिन कृष्णा कॉलेज, ऑफ आर्ट्स एवं कॉमर्स भिलाई की मेजबानी में केपीएस स्कूल, नेहरू नगर के नटराज ऑडिटोरियम में एकल शास्त्रीय नृत्य तथा समूह लोकनृत्य/जनजाति नृत्य की प्रतियोगिता आयोजित हुई।
इस प्रतियोगिता की एकल एवं समूह नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। यह जानकारी देते हुए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा तथा कृष्णा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष, डॉ. एम. एम. त्रिपाठी, आनंद त्रिपाठी, बी. एन. पांडे तथा कृष्णा महाविद्यालय के प्राचार्य, डॉ. वाई. आर. कटरे एवं विवि के सहायक कुलसचिव, डॉ. सुमीत अग्रवाल की उपस्थिति में दीप प्रज्जवलन के साथ आरंभ हुई प्रतियोगिता में एकल नृत्य में 05 तथा समूह नृत्य में 20 से अधिक महाविद्यालय की टीमों ने हिस्सा लिया।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि परंम्परागत पोशाक में 05 छात्राओं ने कत्थक एवं भरतनाटयम् नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। संगतकारों द्वारा किये गये गायन एवं वादन की सभी ने प्रशंसा की। समूह लोकनृत्य/ जनजातिनृत्य में पंथी, कर्मा, राउतनाचा की छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुति के दौरान समूचा नटराज हॉल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। राउतनाचा के दौरान प्रस्तुत दोहे एवं पंथी नृत्य के दौरान बाबा घांसीदास की स्तुति ने दर्शकों को प्रभावित किया।
उक्त दोनों प्रतियोगिताओं के विजेता प्रथम स्थान प्राप्त टीमें 22 से 26 फरवरी तक मैसूर में आयोजित होने वाली साउथ ईस्ट जोनल युवा उत्सव प्रतियोगिता में हेमचंद यादव विवि, दुर्ग टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। 22 दिसंबर को युवा उत्सव के अंतिम दिन शासकीय वा. वा. पाटणकर कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग में ऑन द स्पॉट पेंटिंग, कोलाज मेकिंग तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। पोस्टर एवं कोलाज प्रतियोगिताओं का विषय विकसित छत्तीसगढ़ विकसित भारत 2047 रखा गया है।