दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 दिसंबर। ट्रेन में चढऩे के दौरान फिसल कर एक महिला ट्रेन के नीचे आ गई, जिससे उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वहीं दुर्ग स्टेशन के टिकट काउंटर के पास बुधवार की सुबह अधेड़ का शव मिला है। दोनों ही मामले में जीआरपी दुर्ग पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक भिलाई नगर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर दल्ली राजहरा की ओर से आकर रायपुर जाने वाली खड़ी हुई थी। इसमें सवार एक महिला भिलाई नगर स्टेशन पर डिब्बे से उतरने लगी। ग्राम मरकाम टोला, थाना डौंडी लोहारा, बालोद निवासी रामेश्वरी चंदेल (36) पति स्वर्गीय रामकुमार चंदेल डिब्बे से उतरने लगी, इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और रामेश्वरी की शाल डिब्बे के दरवाजे के पास अटक गई इससे वह शाल सहित लगभग 10 फीट तक घसीटती रही इसके बाद वह चक्के के नीचे आ गई। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी मिलते ही जीआरपी दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी मिलने पर युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। शव का पंचनामा करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जीआरपी दुर्ग के प्रधान आरक्षक रमेश मिंज ने बताया कि रामेश्वरी बालोद से इलाज के लिए भिलाई आ रही थी, उसके दो बच्चे थे। उसके पास एक मोबाइल भी मिला था जिसके जरिए उसके परिजनों को सूचना दी गई थी।
इसी तरह दुर्ग रेलवे स्टेशन के टिकट बुकिंग काउंटर के पास परिसर में बुधवार की सुबह लगभग 65 वर्षीय वृद्ध का शव मिला है। उसने काले रंग का कंबल ओड़ा हुआ था। जब सुबह वह काफी देर तक सोया रहा तब वहां पर कार्यरत कर्मियों की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद लोगों ने जीआरपी को सूचना दी। रमेश मिंज ने बताया कि वृद्ध दुबला पतला था एवं उसके चेहरे पर सफेद दाढ़ी थी और वह भीख मांग कर जीविकोपार्जन कर रहा था।