दुर्ग

युवक को कार में दूर तक घसीटने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार
20-Dec-2023 3:04 PM
युवक को कार में दूर तक घसीटने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 दिसंबर।
कार की खिडक़ी में फंसाकर लगभग 3 किमी तक युवक को घसीटने वाले दोनों आरोपियों को पकडऩे में पुलिस को सफलता मिली है। आरोपियों के खिलाफ धारा 279, 294, 306, 307, 337 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है वहीं चार पहिया वाहन को भी जब्त किया है।

प्रार्थी पलास चंद्राकर (20) ने 18 दिसंबर को कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान पटेल चौक पर स्विफ्ट कार का चालक एवं उसका साथी तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को ठोकर मार दिए। इससे प्रार्थी को चोटे आई। जब प्रार्थी पलास चंद्राकर कार में बैठे दोनों व्यक्तियों के पास गया और उन्हें इस तरह कार चलाने का विरोध किया तब आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए प्रार्थी का हाथ खिडक़ी से अंदर की ओर खींच लिया तथा खिडक़ी के कांच को ऊपर चढ़ा दिया। इसके बाद ड्राइविंग सीट पर बैठा आरोपी तेजी से कार को आगे बढ़ा दिया। दोनों ही आरोपी जान से खत्म करने की धमकी देते हुए गाड़ी को तेज रफ्तार से भगाने लगे। हाथ फंसा होने के कारण प्रार्थी कार में लटका रहा आरोपी गाड़ी को तेज रफ्तार से भागते हुए रोड के किनारे लगे इलेक्ट्रिक पोल या दीवार से प्रार्थी को टकराने की कोशिश करते रहे। 

कोतवाली थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि लगभग 3 किमी कार चलाने के बाद आरोपियों ने नयापारा रोड की ओर अमन हाइट्स बिल्डिंग में गाड़ी को घुसा दिए और चालक आरोपी जहीरूद्दीन मौके से फरार हो गया। वहीं उसका साथी लोकेश मरकाम कार में ही बैठा रह गया। लोगों ने चारों तरफ से कार को घेर लिया। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी लोकेश मरकाम को पकड़ लिया, वहीं कार को भी जब्त कर लिया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई थी। मंगलवार को आरोपी जहीरूद्दीन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
 


अन्य पोस्ट