दुर्ग
घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी हुई जब्त
भिलाई नगर, 19 दिसंबर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में एक मामूली सी बात पर कुछ युवकों ने एक युवक का कार की विंडो में हाथ फंसाकर उसे 3 किलोमीटर तक घसीटा है। मानवता को शर्मसार कर देने वाली इस घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग कोतवाली थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई और आरोपियों के संबंध में पतासाजी कर रायपुर के दो आरोपी को धरदबोचा है।
आपको बता दें कि कार सवार लोगों के द्वारा छोटी सी बात को लेकर 3 किलोमीटर तक दुर्ग के एक युवक का कार के विंडो में हाथ फंसा कर तेज रफ्तार में कार दौड़ाई। युवक की गलती केवल इतनी थी कि वह बाइक में सवार था तभी युवक की बाईक को कुछ मिनट पहले कार ने ठोकर मार दी, बाइक सवार युवक ठोकर के बाद जब कार के पीछे उनसे ठोकर के विषय में पूछने आया तो उस कार में सवार युवक ने कार के विंडो में बाईक सवार युवक का हाथ फंसा कर 3 किलोमीटर तक दौड़ा दिया। पुलिस ने कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्ग शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत इस घटना में एक स्विफ्ट कार सवार जिसकी गाड़ी नंबर सीजी-04 एनजे 5437 था, उसने पटेल चौक में एक बाइक सवार लड़के को पहले टक्कर मारी, जब बाईक सवार युवक कार में सवार युवकों के पास बात करने गया तो उसके हाथ को कांच में फंसा के उसको लटका कर तीन किलोमीटर दूर तक लटकाए लेकर गए और उसको दीवार से रगड़कर मार के गिराने की भी कोशिश की। उसके बाद गाड़ी को अमर हाइट्स सोसायटी शिवनाथ नदी रोड में ले गए, वहां से उनको भागने का रास्ता नहीं मिला तो दो युवक उतरकर फरार हो गए और बाकि कार में सवार लोगों को आसपास के लोगों की मदद से पकड़ा गया। घटना की जानकारी कोतवाली थाना में दी गई, पुलिस ने दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीएसपी दुर्ग मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि कोतवाली थाना के अंतर्गत पटेल चौक में एक बाइक से एक लड़का आ रहा था, जिसका कार के साथ एक्सीडेंट हो गया। बाइक चालक जब जाकर कार चालक से ठोकर के संबंध में चर्चा कर रहा था तभी उससे गाली गलौज करते हुए कार के विंडो में उसका हाथ फंसाते विंडो बंद कर उसे घसीटते हुए बहुत दूर ले गए। इस घटना पर थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और स्विफ्ट कार भी जब्त की गई। दोनों आरोपी रायपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपी कार ड्राइवर जहीरूद्दीन (32 वर्ष) मूल निवासी ग्राम तारालीम थाना बेरला बेमेतरा, हाल मुकाम कमल चौक रामेश्वर नगर भनपुरी रायपुर और लोकेश मरकाम (20 वर्ष) निवासी ग्राम तारालीम थाना बेरला जिला बेमेतरा हाल मुकाम रायपुर को गिरफ्तार किया है।