दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 दिसंबर। एनआईसी द्वारा समितियों में प्रतिदिन के धान खरीदी की लिमिट फिक्स कर दी गई है, जो अन्य वर्षों की तुलना में प्रतदिन खरीदी क्षमता से बहुत कम है। नतीजन जिले में डेढ़ माह में मात्र 34 प्रतिशत ही धान खरीदी हो पाई है। यदि आगे भी इसी निर्धारित लिमिट के मुताबिक खरीदी जारी रही तो शेष बचे डेढ़ माह में किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल के हिसाब से संपूर्ण धान की खरीदी संभव नहीं है। ऐसी स्थिति में किसानों की ओर से प्रतिदिन धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने मांग उठने लगी है।
लक्ष्य 52 लाख क्विंटल का खरीदी मात्र 18 लाख
जानकारी के अनुसार जिले में इस वर्ष धान खरीदी के लिए कुल 1 लाख10 हजार 996 किसान पंजीकृत है, जिनसे कुल 52 लाख14 हजार 630 क्विंटल धान खरीदी का अनुमान है मगर 1 नवम्बर से अब तक 37 हजार 572 किसानों ने 17 लाख96 हजार 493 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। 31 जनवरी तक किसानों से धान खरीदी किया जाना है, अर्थात शेष बचे डेढ़ माह में 34 लाख18 हजार 140 क्विंटल खरीदी किया जाना है, जो वर्तमान गति से खरीदी जारी रहने पर संभव नहीं है।
लिमिट फिक्स कर देने से किसान परेशान
जानकारी के अनुसार पूर्व में प्रतिदिन खरीदी की लिमिट फिक्स नहीं होने से आवक के हिसाब से समितियां क्षमता के अनुरूप धान खरीदी कर लेती थी मगर अब ऐसा संभव नहीं है। किसान लगभग शत प्रतिशत धान फसल की कटाई कर चुके है। मगर एनआईसी से लिमिट तय हो जाने के कारण वे समय पर धान नहीं बेच पा रहे हैं। ऐसे में खलिहानों खुले में रखे धान की सुरक्षा व देखभाल करने में किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना है प्रतिदिन धान खरीदी की लिमिट को बढ़ाकर समिति की अधिकतम क्षमता के हिसाब से धान खरीदी किया जाए ताकि सभी किसान समय पर अपना धान बेच सके।