दुर्ग

गुरु घासीदास ने हमें जीवन जीने की कला सिखाई- ललित चंद्राकर
19-Dec-2023 3:08 PM
गुरु घासीदास ने हमें जीवन जीने की कला सिखाई- ललित चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 19 दिसंबर।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा ललित चंद्राकर जी ने सतनाम पंथ के संस्थापक बाबा गुरु घासीदास की 18 दिसम्बर को जयंती के अवसर पर दुर्ग ग्रामवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। ललित चंद्राकर जी ने कहा है कि बाबा गुरु घासीदास ने अपने उपदेशों के माध्यम से दुनिया को सत्य,अहिंसा और सामाजिक सद्भावना का मार्ग दिखाया। उन्होंने ‘मनखे-मनखे एक समान’ के प्रेरक वाक्य के साथ यह संदेश दिया कि सभी मनुष्य एक समान है। 

उन्होंने शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक समरसता और सबके उत्थान की दिशा में काम किया। ललित चंद्राकर ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने लोगों को मानवीय गुणों के विकास का रास्ता दिखाया और नैतिक मूल्यों की पुनस्र्थापना की। उनका जीवन दर्शन और विचार मूल्य पूरी मानव जाति के लिए कल्याणकारी और अनुकरणीय है। गुरु घासीदास के सप्त सिद्धांत गुरु घासीदास के सात वचन सतनाम पंथ के सप्त सिद्धांत के रूप में प्रतिष्ठित हैं, जिसमें सत्नाम पर विश्वास, मूर्ति पूजा का निषेध, वर्ण भेद एवं हिंसा का विरोध, व्यसन से मुक्ति, परस्त्रीगमन का निषेध और दोपहर में खेत न जोतना आदि हैं। बाबा गुरु घासीदास द्वारा दिये गये उपदेशों से समाज के असहाय लोगों में आत्मविश्वास, व्यक्तित्व की पहचान और अन्याय से जूझने की शक्ति प्राप्त हुई। बाबा सामाजिक एवं आध्यात्मिक जागरण की आधारशिला स्थापित करने में सफल हुए। छत्तीसगढ़ में आज भी इनके द्वारा प्रवर्तित सतनाम पंथ के लाखों अनुयायी हैं मौजूद हैं।


अन्य पोस्ट