दुर्ग
मृतक दो वर्ष पूर्व हत्या के मामले का था आरोपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 दिसंबर। बघेरा दुर्ग में सिगरेट पीने की बात पर विवाद में हत्या के एक नाबालिग समेत 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक प्रेम उर्फ रॉकी मंडल दो वर्ष पूर्व हत्या के मामले का आरोपी था। वारदात में प्रयुक्त डण्डा, लाठी एवं पत्थर बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार कल पुलिस को मोबाईल से सूचना मिली थी कि प्रेम उर्फ रॉकी नामक लडक़े को बघेरा दुर्ग में कुछ लोगों ने हाथ, मुक्का, डण्डा एवं पत्थर से मारपीट कर बघेरा रोड किनारे नाली में डाल दिया है। सूचना पर तत्काल एसएसपी ने टीम गठित कर मौके पर भेजा। टीम ने देखा कि एक लडक़ा बघेरा रोड किनारे पानी नाली में चित अवस्था में पड़ा है जिसके चेहरे, सिर एवं सीने में चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। टीम ने घटना के हालात से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
एसएसपी रामगोपाल गर्ग ने निरीक्षक नरेश पटेल, प्रभारी एसीसीयू एवं थाना प्रभारी महेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व में टीम को शीघ्र विवेचना का आदेश दिया नतीजतन मृतक के परिजन विवेक मंडल, राहुल सोनकर एवं सौरभ चंद्रवंशी से पूछताछ की गई।
उन्होंने बताया कि ग्राम बघेरा के पप्पू किराना दुकान के पास सिगरेट पीने की बात को लेकर आरोपी रघुनाथ मंडावी, भूपेश साहू, अविनाश उर्फ बउवा मंडावी, चंद्रकांत उर्फ चिन्टू ठाकुर, आकाश मंडावी एवं एक विधि से संघर्षरत् बालक के द्वारा हाथ, मुक्का, डण्डा से मारपीट एवं पत्थर पटक कर हत्या की गई है। इस मामले के नामजद आरोपियों की पता तलाश करने के लिए पृथक-पृथक 3 टीम तैयार कर अलग-अलग दिशाओं में रवाना की गई। एफएसएल की टीम भी मौका स्थल पहुँची। आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ बाद आज घटना में प्रयुक्त लाठी, डण्डा एवं पत्थर के साथ मृतक प्रेम उर्फ रॉकी मंडल के द्वारा पकड़े हुए चाकू को नाली से तलाश कर बरामद कर जब्त किया गया।
आरोपी रघुनाथ मंडावी (22 वर्ष), भूपेश साहू (21 वर्ष), अविनाश उर्फ बउवा मंडावी (20 वर्ष), चंद्रकांत उर्फ चिन्टू ठाकुर (26 वर्ष), आकाश मंडावी (20 वर्ष) और एक नाबालिग बालक को गिरफ्तार किया गया है।
मृतक प्रेम उर्फ रॉकी मंडल (27 वर्ष) पंचशील नगर दुर्ग का रहने वाला था तथा वह भी दो वर्ष पूर्व हुई एक हत्या के मामले में आरोपी था।