दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,17 दिसंबर। उद्यानिकी फसलों का बीमा कराने किसानों को उद्यानिकी विभाग द्वारा जागरूक कर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस दौरान किसानों को फसल बीमा से होने वाले लाभ के बारे में बताया जा रहा है।जिले में राजस्व मंडल स्तर पर अधिसूचित फसलों में टमाटर , बैगन, फूलगोभी, पत्तागोभी, प्याज एवं आलू शामिल है इसके लिए निर्धारित प्रीमियम दर के संबंध में विभाग द्वारा किसानों को जानकारी दी जा रही है
जानकारी के मुताबिक भारत सरकार की इस योजना को छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग से भारतीय कृषि बीमा कंपनी द्वारा रबी 2023-24 में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में संचालित की जा रही है। अधिसूचित क्षेत्र में अधिसूचित फसल उगाने वाले सभी किसान ऋणी एवं अऋणी किसानो को इसके आवरण में शामिल किया गया है
ऋणी कृषक जो योजना में शामिल नहीं होना चाहते, उन्हें भारत सरकार द्वारा जारी चयन प्रपत्र के अनुसार हस्ताक्षरित घोषणा पत्र रबी मौसम हेतु नामांकन के लिए तय की गई तिथि 31 दिसम्बर से कम से कम 7 दिन पहले तक, संबंधित वित्तीय संस्थान में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा, अन्यथा संबंधित बैंक द्वारा संबंधित मौसम के लिए स्वीकृत नवीनीकृत की गई अल्पकालीन कृषि ऋण को अनिवार्य रूप से बीमाकृत किया जायेगा। अऋणी किसान इस योजना के तहत निकटतम बैंक शाखा समिति, लोक सेवा केन्द्र, डॉकघर और राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल के मध्यम से अपना नामांकन करा सकते हैं
प्रस्तुत करना होगा ये दस्तावेज
अऋणी किसान को प्रस्ताव पत्र के साथ नवीनतम आधार कार्ड की कॉपी,नवीनतम भूमि प्रमाण पत्र (बी-1, पी-2) की कॉपी, बैंक पासबुक के पहले पन्ने की कॉपी जिस पर एकाउंट नंबर/आईएफएससी कोड/बैंक का पता साफ दिख रहा हो, फसल बुवाई प्रमाण-पत्र अथवा प्रस्तावित फसल बोने के आशव का स्वघोषणा पत्र, किसान का वैध मोबाईल नंबर, बटाईदार ,कास्तकार , साझेदार किसानों के लिए फसल साझा / कास्तकार का घोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा
आधार अपडेट होना अनिवार्य
ऋणी किसान अपने बीमित फसलों में परिवर्तन करा सकते हैं इसके लिये रबी मौसम में नामांकन की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर से दो कार्य दिवस पूर्व इस बात की सूचना संबंधित बैंक शाखा में देना होगा साथ ही किसान से अपील किया गया है कि वो अपना आधार रबी के लिए 31 दिसंबर से पूर्व बैंक में अपडेट करा ले फसल बीमा पोर्टल पर बिना आधार प्रमाणी करण मान्य नहीं होगा।
उपसंचालक उद्यानकी पूजा कश्यप साहू ने किसानों से अपील की है कि फसल बीमा कराकर जिले के किसान अधिक से अधिक इसका लाभ उठाएं।