दुर्ग
274 ग्राम पंचायतों में चल रहे मनरेगा के कार्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,17 दिसंबर। खेती किसानी का काम पूरा होने के बाद अब ग्रामीण मजदूरों के लिए मनरेगा के तहत कराए जाने वाले कार्य ही सहारा है वर्तमान में जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों में 18 हजार 126 ग्रामीण मजदूरों को रोजगार मिल रहा है इस समय जिले के 304 में से 274 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कार्य जारी है जबकि 30 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के कार्य शुरू नहीं हो पाए है गौरतलब है कि धान फसल कटाई पूरी होने के बाद ग्रामीण मजदूरों के समक्ष रोजगार को लेकर समस्या खड़ी हो जाती है ऐसी स्थिति में कई बार ग्रामीण मजदूरों के पलायन की खबरें आती है ग्रामीण मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार की उपलब्धता सुनिश्चित करने मांग के अनुसार मनरेगा के कार्य शुरू करने निर्देश दिए गए है इसके उपरांत जिले अब मनरेगा के कार्य जोर पकडऩे लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक जिले के पाटन जनपद क्षेत्र अंतर्गत 112 में से 95 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत विभिन्न प्रकार के कार्य चल रहे हैं इन कार्यों में 6866 मजदूरों को रोजगार मुहैया हो रहा है इसी प्रकार धमधा जनपद क्षेत्र के 119 में से 107 में मनरेगा के काम जारी है इनमें 6144 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है वहीं दुर्ग के 73 में से 72 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के कार्य चल रहे हैं इनमें 5116 ग्रामीण मजदूरों को रोजगार मिल रहा है जिले मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों के लिए 2856 मस्टर रोल जारी किए जा चुके हैं