दुर्ग
यूपी से दुर्ग आए थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,17 दिसंबर। उत्तर प्रदेश से दुर्ग आए दो युवकों की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। युवकों की मोटरसाइकिल को अज्ञात वाहन के चालक में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए अपनी चपेट में ले लिया। दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची अंजोरा चौकी पुलिस ने दोनों के शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी में भिजवाया। अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है।
जानकारी के मुताबिक रसमड़ा- खैरागढ़ रोड पर सुपर मॉल के पास मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स क्रमांक सीजी 09 जेड ए 6550 पर सवार होकर कल शाम लगभग 4.30 बजे सामान खरीदने जा रहे उत्तर प्रदेश से दुर्ग आए युवक अभिषेक वर्मा पिता राजा वर्मा 19 वर्ष तथा सचिन वर्मा 18 वर्ष को अज्ञात वाहन के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए जबरदस्त ठोकर मार दी। इसके बाद वाहन चालक तेजी से फरार हो गया। मोटरसाइकिल पर सवार अभिषेक वर्मा एवं सचिन वर्मा को गंभीर चोटे आई और दोनों ने ही मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी मिलते ही मौके पर अंजोरा चौकी पुलिस पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी। अंजोरा चौकी प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने बताया कि इनके पिता उत्तर प्रदेश से आकर यहां किसी कंपनी में कार्य कर रहे थे। पिछले एक सप्ताह पूर्व अभिषेक वर्मा और सचिन वर्मा उत्तर प्रदेश से अपने पिता से मिलने दुर्ग आए हुए थे। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और वाहन की तलाश की जा रही है।