दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 दिसंबर। चेक बाउंस के एक मामले में कोर्ट ने आरोपी को सजा सुनाई है। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सविता सिंह ठाकुर ने आरोपी गोपाल साहू को 1 वर्ष के कारावास एवं 7 लाख रुपए प्रतिकर राशि से दंडित किया है। प्रतिकर राशि 30 दिन के भीतर अदा नहीं करने पर आरोपी को 6 माह के अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी पड़ेगी। परिवादी की ओर से अधिवक्ता नीरज चौबे ने पैरवी की थी। चंद्र नगर उमरपोटी दुर्ग निवासी आशीष साइकिल स्टोर्स के प्रोपराइटर परिवादी अनिल कुशवाहा ने आपसी पुरानी जान पहचान होने पर वर्ष 2016 में आरोपी गोपाल साहू निवासी सडक़ 37, सेक्टर 4, भिलाई को घरेलू एवं निजी आवश्यकताओं के लिए कुल 5 लाख रुपए ऋण स्वरूप दिया था। इसके भुगतान के लिए आरोपी ने 2 अक्टूबर 2017 को भारतीय स्टेट बैंक शाखा इंदिरा प्लेस भिलाई का 5 लाख रुपए का चेक दिया था।इस चेक को परिवादी अनिल कुशवाहा ने जब अपने यूको बैंक के खाते में जमा कराया तो राशि अपर्याप्त होने के कारण चेक बाउंस हो गया था। परिवादी ने अपने अधिवक्ता नीरज चौबे के माध्यम से आरोपी को पंजीकृत सूचना दी परंतु उसने रकम का भुगतान नहीं किया। चेक बाउंस होने पर यह प्रकरण कोर्ट में पहुंचा था। न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।