दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 दिसंबर। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पूर्व कांग्रेस सरकार के समय विभिन्न पदों पर नियुक्त किए गए लोगों द्वारा त्यागपत्र देने का सिलसिला लगातार जारी है।
इसी क्रम में राजेन्द्र साहू ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के प्राधिकृत अधिकारी पद से त्याग पत्र दे दिया है वहीं राकेश ठाकुर ने भी डायरेक्टर अपेक्स बैंक (छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित) रायपुर का पद छोड़ दिया इन दोनों की साल भर पूर्व हुई नियुक्ति की गई थी।
जानकारी के मुताबिक दोनों ने पंजीयक सहकारी संस्थाएँ छत्तीसगढ़ , इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर को त्याग पत्र सौंपा है पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी साहू को कार्यालय पंजीयक सहकारी संस्थाएँ, छत्तीसगढ़ के आदेश पर 7 नवम्बर 2022 को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, दुर्ग के प्राधिकारी नियुक्त किया गया था। वहीं किसान नेता राकेश ठाकुर को भी पंजीयक सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़ ने 10 नवम्बर को डायरेक्टर ( संचालक ) अपेक्स बैंक के पद पर नियुक्त किया गया था। उन्होंने नैतिकता के आधार पर अपना त्याग पत्र देने की बात कही है। इसी प्रकार पूर्व सरकार के समय में अश्वनी साहू को कृषि उपज मंडी समिति दुर्ग का अध्यक्ष एवं जिले के विभिन्न सहकारी समितियों में अनेक लोगों को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किए गए। इसी प्रकार निगम मंडलों में भी अनेक लोगों को विभिन्न पद पर नियुक्त किए गए है, इनमें कई लोगों ने अभी तक सरकार बदलने के बाद भी त्याग पत्र नहीं दिए हैं।