दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 दिसंबर। छावनी थानांतर्गत कल रात जोन-1 में ट्रांसपोर्टर से शराब पीने के लिए कुछ युवकों ने रुपये मांगे और उसके द्वारा मना करने पर चाकू और कटर दिखाते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट की है। देर रात घटना की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है।
छावनी थाना एसआई महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लड्डन किराना दुकान के पास, जोन 1 सडक नं 9 देना बैंक के पीछे निवासी जावेद खान (30 वर्ष) कल रात अपने घर पर था तभी लगभग पौने 9 बजे सोनू उर्फ मोटा, मनीष, जफर, कृष्णा एक राय होकर उसके घर के अंदर जबरदस्ती घुसे और शराब पीने के लिए रूपये मांगे। जावेद ने रूपया पैसा देने से मना किया तो आरोपी युवकों ने गाली गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। सोनू ने चाकू और कृष्णा कटर निकालकर पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट किये हैं। जावेद की मां-बहन और पड़ोसी आर के विलियम ने बीच-बचाव किया तो आरोपी युवक भाग निकले।
देर रात घटना की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 327, 34, 452 और 506 के तहत कार्रवाई की है।