दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 दिसंबर। भिलाई स्टील प्लांट में एक बार फिर हादसे में एक ठेका मजदूरकी मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक हादसा बीएसपी के सिंटरिंग प्लांट नंबर-3 में हुआ है, मजूदर को तत्काल सेक्टर-9 के आईसीयू में भर्ती किया गया था, जहां देर रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।
गौरतलब हो कि यह हादसा 11 दिसंबर को दोपहर 3 बजे के आसपास हुआ, जिसमें ठेका श्रमिक राम प्रसाद लहरे (49 वर्ष) तीसरे फ्लोर से नीचे गिरा और बेहोश हो गया। गिरने की वजह से मजदूर की हड्डी टूट गई थी और उसे मल्टीपल फ्रैक्चर आए थे। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक राम प्रसाद लहरे जीआर इंटरप्राइजेस ठेका कंपनी का मजदूर था। घायल मजदूर को बचाने कर्मचारियों ने मेन मेडिकल पोस्ट फोन किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद घायल मजदूर को सेक्टर-9 हॉस्पिटल भेज दिया गया था। मृतक मजदूर राम प्रसाद लहरे खुर्सीपार का रहने वाला था। राम प्रसाद लहरे के दो भाई और दो बहन हैं। पुलिस हादसे की वजह की जांच में जुटी है।