दुर्ग
जांच में जुटी पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 दिसंबर। इंजीनियरिंग पार्क हथखोज स्थित एक कंपनी से अज्ञात चोरों ने रात को धावा बोला और स्टोर रूम का ताला तोड़ लोहे का स्क्रैप 2 टन, तीन वेल्डिंग मशीन, एक कोर कटर, पग मशीन, टार्च सेट, बिजली का केबल व बोर्ड, रेगुलेटर, पाना पेंचिस का बाक्स चोरी कर निकल भागे हैं। सुबह सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवेचना की जा रही है।
भिलाई-3 एएसआई हीरामन रामटेके ने बताया कि इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में प्लाट नंबर 96 पर सतगुरू इंजीनियरिंग के नाम से कंपनी है। यहां पर फेब्रिकेशन का काम चल रहा है। बीती रात 8 बजे तक काम कर सभी कर्मचारी ताला बंद कर चले गए थे। सुबह कंपनी संचालक लारेंस देशलहरा निवासी सेक्टर-4 भिलाई कंपनी का ताला खोलकर अंदर गए तो देखा कि स्टोर रूम का ताला टूटा हुआ था और स्टोर रूम में रखा लोहे का स्कैप 2 टन, 200 एएमपी की एक वेल्डिंग मशीन, 400 एएमपी की दो वेल्डिंग मशीन, एक कोर कटर, एक पग मशीन, कटर टार्च सेट, बिजली का केबल व बोर्ड, रेगुलेटर 2 नग (एलपीजी व ऑक्सीजन), पाना पेंचिस का बाक्स अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है।
सुबह सूचना पर पुरानी भिलाई पुलिस ने कंपनी संचालक लारेंस देशलहरा की रिपोर्ट पर धारा 380, 457 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।