दुर्ग
डीएवी के जसराज और प्रियांश राष्ट्रीय सेमीनार के लिए चयनित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 दिसंबर। 31वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2023 का राज्य स्तरीय आयोजन विगत 7-8 दिसंबर को पं. रविशंकर शुक्ला विश्वविद्यालय रायपुर में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 153 परियोजनाएँ प्रस्तुत की गईं। इन परियोजनाओ का मूल्यांकन विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग, एनआईटी रायपुर, विज्ञान महाविद्यालय रायपुर के 13 विषय विशेषज्ञ प्राध्यापकों के समूह ने किया। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी विवेकानन्द तकनीकि विश्वविद्यालय के कुलपति एमके वर्मा थे।
ज्ञात हो कि मूल्यांकन उपरांत सोलह श्रेष्ठ परियोजनाओं का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया और यही विद्यार्थी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भिलाई डीएवी पब्लिक स्कूल हुडको के विद्यार्थी जसराज सिंह सिंधु व प्रियांश भादुड़ी की परियोजना का चयन राष्ट्रीय सेमिनार के लिए किया गया है। इन विद्यार्थियों ने विज्ञान शिक्षक अजय शर्मा के मार्गदर्शन में किसानों के लिए मददगार एक ऐसा उपकरण एक्वासेंस बनाया है, जो हाईड्रोपोनिक एवं एक्वापोनिक तथा एक्वाकल्चर किसानों के खेत में जल के सभी पैरामीटर को मापकर खेत की सारी जानकारी किसानों को उनके मोबाईल पर दुनिया में वे जहां भी होते हैं वहीं दे देता है। यही नहीं खेतों के पंप, लाईट व फीडर को पूरे विश्व के किसी भी जगह से मोबाईल द्वारा नियंत्रित किया जा सकता है। बाजार में ऐसे उपकरण की कीमत चार से पांच लाख होती है लेकिन इन विद्यार्थियों ने मात्र दस हजार में ही एक ऐसा उपकरण बना लिया जो बाजार में उपलब्ध उपकरण से सस्ता तथा उनसे ज्यादा फीचर के साथ बेहतर तरीके से कार्य करता है।
डीएवी छत्तीसगढ़ जोन के डीआरओ प्रशांत कुमार ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और औद्योगिकीकरण के कारण कृषि भूमि घट रही है, इस स्थिति में एकमात्र विकल्प जलीय कृषि है। जलीय कृषि में किसानों के लिए एक सस्ता और बहुउपयोगी उपकरण बनाकर विद्यार्थियों ने समाज के हित में कार्य किया है, मैं इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।