दुर्ग
दुर्ग, 10 दिसंबर। शासकीय स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय, धनोरा दुर्ग में प्राचार्य विकास पंचाक्षरी के मार्गदर्शन में एवं कंप्यूटर साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष विश्वनाथ ताम्रकार के नेतृत्व में भारतीय नौसेना दिवस के अवसर पर पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण एवं भाषण के माध्यम से सविस्तार जानकारी प्रदान की गई। प्राचार्य विकास पंचाक्षरी के माध्यम से भारतीय सशस्त्र सेना के, समस्त अंगों की कार्य प्रणाली, गतिविधियां, गठन, उत्तरदायित्व एवं कर्तव्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई ।
विश्वनाथ ताम्रकार विभाग अध्यक्ष, कंप्यूटर साइंस के द्वारा सैन्य अनुशासन, सैन्य कर्तव्यों से विद्यार्थियों को परिचित कराया गया तथा उनका अनुकरण करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया । इसके अतिरिक्त सेना के मुख्यालयों, अग्नि वीर द्वारा भर्ती प्रक्रिया, सेना में नियुक्ति आदि के संबंध में भी सविस्तार जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बी.सी.ए. प्रथम वर्ष के छात्र ईशान साहू ने अपने भाषण के माध्यम से तथा सोनाक्षी साहू बी.एस.सी. प्रथम वर्ष (जीव विज्ञान समूह ) के द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से भारतीय नौसेना के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी विद्यार्थियों के समक्ष प्रदान की गई। कार्यक्रम के अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।