दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 दिसंबर। पद्मश्री अनूप जलोटा ने कहा कि जो असली शक्ति होती है उसके दुश्मन भी बहुत से होते हैं और उन दुश्मनों में कोई शक्ति नहीं होती है इसलिए आपस में मिलकर अच्छी चीज को समाप्त करने एकजुट हुए लोग ऐसी शक्ति को कैसे समाप्त कर सकते हैं, जिस बीज से हमारा देश निर्मित हुआ है, हमारे देश का इतिहास उसी से जाना जाता है। जो लोग सनातन का विरोध कर रहे हैं, उनका बहुत बुरा हाल होने वाला है।
आज शाम भिलाई क्लब में आयोजित संगीत समारोह में शिरकत करने संगीत समारोह में भिलाई पहुंचे भजन गायक और पद्मश्री अनूप जलोटा ने चर्चा के दौरान आगे कहा कि हाल ही में तीन राज्यों में भाजपा की शानदार जीत ने इसके संकेत दे दिए हैं। मोदीजी और योगीजी की राम-लक्ष्मण जोड़ी ने कमाल कर दिया है।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और जनवरी में रामलला के भव्य दर्शन की शुरूआत को लेकर उन्होंने कहा कि राम मंदिर का काम बहुत पहले हो जाना था। हमारा देश श्रीराम के लिए ही जाना जाता है। श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य में मैं भी शामिल हूं। हम कलाकार देश के हर उस काम में सहयोगी हैं, जो देश के हित में है और जिससे देश की उन्नति है।
देश में मोदीजी-योगीजी ने कमाल कर दिया है। काशी विश्वनाथजी को कितना सुंदर कर दिया है। अयोध्या तो ऐसा बन रहा है कि उस एयरपोर्ट पर अमेरिका से चार्टर्ड फ्लाइट्स आएंगी वहीं उतरेंगी, लोग दर्शन करेंगे और चले जाएंगे। सारी दुनिया से फ्लाइट आएंगी, जितने होटल बन रहे हैं कम पड़ जाएंगे, इतना भव्य यहां काम हो रहा है क्योंकि हमारा देश जाना ही जाता है श्रीराम के लिए।
फिर से नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक या संदेह है ही नहीं, जो व्यक्ति जितना काम करता है वो वैसा ही रिजल्ट देता है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान चुनाव में लोग कहते थे बड़ी टक्कर है, क्या टक्कर है जब भाजपा देश में इतने बड़े बड़े काम कर रही है तो लोग क्या अंधे हैं जो नहीं देख पा रहे। लोग देखते हैं, यंग जनरेशन और महिलाओं का इतना बड़ा जनाधार भाजपा के साथ है, लोग जानते हैं कि हमारा देश कितनी उन्नति पर है, किसकी वजह से है, कौन काम कर रहा है। सब जानते हैं इसलिए कानों कान खबर नहीं हुई और लोगों ने तीनों राज्य में विजय पताका लहरा दिया।
देश को हिन्दू राष्ट्र घोषित करने के संबंध में अनूप जलोटा ने कहा कि वैसे तो इसकी आवश्यकता नहीं है क्योंकि यहां हिन्दू सबसे ज्यादा रहते हैं, यहां हिंदी बोली जाती है इसलिए यह हिन्दू राष्ट्र हो ही गया। फिर भी घोषणा होने से एक अच्छी बात यह होगी कि आप अपने अपने धर्म का पालन कीजिये, डरने की कोई बात नहीं होगी। आप ऐसे ही जाइए मंदिर में, मस्जिद में, गुरूद्वारा में, चर्च में जहां भी आपकी आस्था हो मगर यह देश हिन्दू देश ही है चाहे इसकी घोषणा हो या न हो।