दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 दिसंबर। बीएम पाटिल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल विजयपुर कर्नाटक में भारत की पहली लेजर अकादमी बीएलडीए का उद्घाटन कर्नाटक के उद्योग मंत्री एमबी पाटिल ने किया। इस अवसर पर इटली के लेजर कंपनी डेका व बीएलडीए यूनिवर्सिटी के बीच एमओयू भी हुआ।
समारोह में दुर्ग छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक दीक्षित भी शामिल हुए। उनका वहाँ उपदेशक के रूप में सम्मान किया गया। डॉ. आलोक दीक्षित लगभग 25 वर्षों से चर्मरोग के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे लेजर का उपयोग भी त्वचा रोगों के उपचार के लिए करते हैं।
इस अकादमी में मध्य भारत के डॉ. आलोक दीक्षित एकमात्र चर्म रोग विशेषज्ञ हैं। उद्घाटन समारोह में उद्योग मंत्री एमबी पाटिल ने कहा कि डेका लेजर अकादमी में ना केवल त्वचा रोगों का बेहतरीन इलाज होगा, बल्कि चर्म रोगों के इलाज पर अनुसंधान व विकास पर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए कार्य होंगे। इटली से आए डॉ. पॉलो साल्वेनियो ने बताया कि चिकित्सा क्षेत्र के बेहतरी के लिए यह एक सराहनीय कदम है। यूनिवर्सिटी के चांसलर व त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण ईनामदार ने बताया कि पिछले 3 दशकों की कड़ी मेहनत के बाद यह अकादमी स्थापित की गई है।जिसका लोगों को लाभ मिलेगा। डेका लेजर अकादमी के उद्घाटन समारोह में देश-विदेश के प्रसिद्ध चर्मरोग विशेषज्ञ बड़ी संख्या में शामिल हुए।