दुर्ग

हेमचंद विवि में इंटर कॉलेज युवा उत्सव का आरंभ 16 से
09-Dec-2023 1:52 PM
हेमचंद विवि में इंटर कॉलेज युवा उत्सव का आरंभ 16 से

दुर्ग, 9 दिसंबर। हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा अंतरमहाविद्यालयीन युवा उत्सव 2023 का आयोजन 16 से 22 दिसंबर तक विभिन्न 14 विधाओं में पृथक-पृथक महाविद्यालयों में किया जायेगा।

यह जानकारी देते हुए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि इन 14 विधाओं में एकल शास्त्रीय गायन हिन्दुस्तानी/कर्नाटक शैली, समूह गायन (हिन्दुस्तानी), एकल शास्त्रीय नृत्य, समूह लोक नृत्य/जनजाति नृत्य, क्विज, तात्कालिक भाषण, वाद-विवाद, स्किट, ऑन द स्पॉट पेंटिंग, कोलाज, पोस्टर मेकिंग, रंगोली, मेहंदी एवं सुगम संगीत शामिल है।

डॉ. श्रीवास्तव  के अनुसार विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने इस संबंध में विवि के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विधाओं को आयोजित करने हेतु महाविद्यालय का आबंटन एवं तिथि निर्धारित कीं।

 बैठक में लिए गये निर्णय अनुसार 16 दिसंबर 2023 को कल्याण महाविद्यालय, भिलाई में प्रात: 10:30 बजे से तात्कालिक भाषण एवं उसके पश्चात् दोपहर 2:00 बजे से वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित होगी। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय आयोजन तिथि के 01 दिन पूर्व घोषित किया जायेगा।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि 19 दिसंबर को प्रात: 11:30 बजे से सेंट थॉमस कॉलेज, भिलाई में क्विज प्रतियोगिता तथा खालसा कॉलेज, दुर्ग में प्रात: 10:00 बजे से रंगोली एवं महेंदी प्रतियोगिता आयोजित होगी। रंगोली में प्रतिभागियों को फूलों की पंखुड़ी, लकड़ी का बुरादा अथवा विभिन्न प्रकार के अनाज उपयोग करना अनिवार्य हैं।

 महेंदी प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को अपने साथ एक साथी लाना अनिवार्य है। 20 दिसंबर को शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी में स्किट प्रतियोगिता प्रात: 11 बजे से तथा सुगम संगीत प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे से आरंभ होगी। 21 दिसंबर को कृष्णा कॉलेज, खम्हरिया में एकल शास्त्रीय नृत्य प्रात: 11 बजे से तथा समूह लोक नृत्य/जनजाति नृत्य का आयोजन दोपहर 2 बजे से होगा।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि शासकीय वा. वा. पाटणकर कन्या महाविद्यालय, दुर्ग में ऑन द स्पॉट पेंटिंग, कोलाज, पोस्टर मेकिंग की प्रतियोगिता प्रात: 11 बजे से 1 बजे तक ऑन द स्पॉट पेंटिंग, कोलाज दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक, पोस्टर मेकिंग 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी। इन विधाओं में सर्वप्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता जोनल स्तर की विधाओं में विवि की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।


अन्य पोस्ट