दुर्ग
चरित्र संदेह पर की थी हत्या, पुलिस को करता रहा गुमराह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 दिसंबर। दुर्ग जिले के छावनी थाना अंतर्गत एक महिला की 5 दिन पहले हुई संदेहास्पद मौत के मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया है कि चरित्र संदेह के चलते उसने पत्नी की हत्या की है।
ज्ञात हो कि 1 दिसंबर को शासकीय अस्पताल सुपेला में मंशा देवी पति राजेश कुमार (28 वर्ष) निवासी सुन्दर नगर तालाब के पास कैम्प-1 भिलाई को लेकर मंशा के परिजन आए थे। डॉक्टर द्वारा चेक कर उसकी मृत्यु हो जाना पाया गया था। उसके पति ने पुलिस को बताया कि मंशा घर में थी और बच्चों को स्कूल से लेकर वापस घर आने पर पलंग पर बेहोश मिली।
सुपेला में जीरो में मर्ग कायम कर थाना छावनी में सूचना देने पर अगले ही दिन मर्ग दर्ज कर जाँच में लिया गया। इस मामले में मृतका के परिजनों द्वारा मंशा की मृत्यु पर संदेह किया गया था जो उनके उत्तरप्रदेश से आने पर 4 दिसंबर को विधिवत शव का पंचनामा मायके पक्ष की उपस्थिति में पुलिस द्वारा किया गया। घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर गवाहों से पूछताछ और कथन लिया गया।
डॉक्टर से शार्ट पीएम रिपोर्ट भी ली गई। जाँच में गवाहों द्वारा मृतका मंशा को उसके पति राजेश कुमार द्वारा हमेशा शंका कर मारपीट करना तथा 1 दिसंबर को भी सुबह करीब साढ़े 9 बजे पड़ोस में मंशा के जाने पर नाराज होकर वहीं पर मारपीट करते घर ले जाने की बात सामने आई तथा शार्ट पीएम रिपोर्ट में हेड इंज्युरी के तथ्य सामने आने पर संदेही राजेश कुमार के विरूद्ध धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। तत्काल संदेही राजेश कुमार से पूछताछ की गई।
राजेश कुमार पुलिस को काफी गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि पत्नी मंशा देवी को चरित्र संदेह पर हमेशा समझाता था, लेकिन वो उसकी बात नहीं मानती थी, झगड़ा होता रहता था। उस दिन भी झगड़ा होने पर उसके द्वारा मारपीट कर उसे जान से मारने की नीयत से घर अंदर ही गला पकड़ कर दीवार से सिर ठोक कर उसकी हत्या करना स्वीकर किया गया। विधिवत उसका मेमोरेण्डम तैयार कर घटना स्थल से आवश्यक सामाग्री जब्त कर आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजू (34 वर्ष) निवासी तालाब के पास सुन्दर नगर कैम्प-1 को गिरफ्तार कर लिया गया है।