दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 दिसंबर। फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय के साथ मोबाइल लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो नाबालिग को कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। उनके पास से तीन आईफोन, एक उपयोग किया गया मोबाइल ,ब्लैक कलर की मोटरसाइकिल तथा घटना के समय पहने हुए कपड़ों को जब्त किया गया है। दोनों नाबालिग को बाल न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया है।
18 नवंबर को फ्लिपकार्ट का डिलीवरी बॉय रवि देवांगन निवासी शक्तिनगर दुर्ग बताए गए जगह पर ब्राह्मण पारा पहुंचा था। जब ब्राह्मण पर पहुंचकर उसने फ्लिपकार्ट के जरिए आईफोन मंगाने वाले को फोन किया तो उन्होंने कहा कि ब्राह्मण पारा के बदले ग्राम मोहलाई आ जाओ मैं अभी यहीं रह रहा हूं। जब डिलीवरी बॉय रवि देवांगन उक्त पते पर गया तो ग्राहक के द्वारा बोला गया कि मोबाइल के डिब्बे को खोल कर दिखाओ। उसने एक डिब्बा खोलकर मोबाइल दिखाने के लिए निकाला तब उसे तीनों मोबाइल निकाल कर दिखाने की बात कही गई। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने अपने साथी जो कि एक्सेस गाड़ी में बैठा हुआ था दोनों मिलकर तीनों मोबाइल लूट कर फरार हो गए। मोटरसाइकिल पर सवार होकर जब वह भागने लगे तब प्रार्थी ने दोनों आरोपियों को पकडऩे का प्रयास किया था। रवि देवांगन इसकी शिकायत कोतवाली थाना में की थी।
नगर पुलिस अधीक्षक मणीशंकर चंद्रा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शिकायत दर्ज करते ही आरोपियों की तलाश में टीम लगा दी गई थी। घटनास्थल का मुआयना करने एवं सीसीटीवी फुटेज को चेक करने के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो लडक़ों को पकड़ा। उनसे पूछताछ की गई तो दोनों नाबालिग ने घटना को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने नाबालिगों के पास से तीन नए मोबाइल ,घटना के समय उपयोग किया गया एक मोबाइल, मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 सी एच 3430 एवं घटना के समय बालकों द्वारा पहने गए कपड़ों को पुलिस ने जब्त किया।