दुर्ग

भ्रष्टाचारों के मुखिया का विस में एंट्री का मलाल-विजय बघेल
04-Dec-2023 4:45 PM
भ्रष्टाचारों के मुखिया का विस में एंट्री का मलाल-विजय बघेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 4 दिसंबर। दुर्ग जिले की महत्वपूर्ण पाटन विधानसभा सीट मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सांसद विजय बघेल और अमित जोगी के मैदान में उतरने की वजह से सर्वाधिक चर्चित सीट रही है। छत्तीसगढ़ में भले भूपेश सरकार के भरोसे को जनता ने नकार दिया है मगर पाटन विधानसभा सीट पर भूपेश का भरोसा बरकरार दिखाई पड़ा है।

यहां मतदान करने वाले 1 लाख 82 हजार 806 मतदाताओं में से 49.99 फीसदी लोगों ने भूपेश पर पूरा भरोसा जताते हुए 91 हजार 393 वोट उन्हें दिए। पाटन में मुख्यमंत्री भूपेश को कड़ी टक्कर देने वाले भाजपा के विजय बघेल 75 हजार 304 मत मिले हैं जबकि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे सुप्रीमो अमित जोगी ने 4 हजार 796 वोट प्राप्त किया है।

इसी सीट पर निर्दलीय रामचरण यादव को 1276, रामचंद जांगड़े को 1250 और अमित हिरवानी साहू ने 953 मत मिले हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में जिस पाटन सीट पर भूपेश बघेल ने 31 हजार मतों से बड़ी जीत हासिल की थी, लोकसभा चुनाव में उसी पाटन में कांग्रेस प्रत्याशी को भाजपा के  विजय बघेल ने 22 हजार मतों से नीचे दबा दिया था और वहीं विजय बघेल इस बार विधानसभा चुनाव में 18 हजार 89 मतों से पराजित हो गए।

ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में 2023 के विधानसभा चुनाव में चौंकाने वाले परिणाम देने वाली भाजपा का घोषणा पत्र भी विजय बघेल ने ही तैयार किया था। चुनाव हारने के बाद भी विजय बघेल को खुशी है कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मोदीजी का देश के साथ साथ छत्तीसगढ़ की जनता ने भी दमदार स्वागत किया है।

विजय बघेल ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि हम जनता जनार्दन का धन्यवाद करते हैं, देवतुल्य जनता ने भ्रष्टाचार, शराबखोरी और झूठ फरेब के विरुद्ध वोट देकर भाजपा पर विश्वास जताया है। हमने मोदीजी की गारंटी को घोषणा पत्र के रूप में छत्तीसगढ़ में लाया, मोदीजी के नेतृत्व में जैसे देश आगे बढ़ रहा है हमारा प्रदेश भी वैसे ही आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि हार जीत लगा रहता है, जनता जनार्दन का आदेश शिरोधार्य है। ठीक है आज हार गए हैं कल जीतेंगे भी। भाजपा के साथियों ने पूरी मेहनत और लगन से पाटन में कोशिश की, वैसा प्रतिफल नहीं आ सका इसका मलाल मन जरूर रहेगा मगर फिर भी हम आगे और अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। दु:ख इस बात का है कि भ्रष्टाचारों का मुखिया और मूल जड़ जिसने भ्रष्टाचार को प्रदेश का गढ़ बना दिया, जिसने छत्तीसगढ़ को अपराध का गढ़ बना दिया, जिसने किसानों के साथ वर्मी कंपोस्ट के नाम पर दादागिरी की, जिसकी शराबखोरी के कारण प्रदेश की माताएं बहनें महिलाएं परेशान रहीं वह नहीं हार पाया, इसका दु:ख है। मैं जीता नहीं यह अलग बात है लेकिन ऐसे लोग आज भी छत्तीसगढ़ की विधानसभा में रहेंगे, यह दु:ख की बात है इसलिए मन में थोड़ा सा मलाल है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की रेस में मैं कभी नहीं था और न ही ऐसी कोई महत्वाकांक्षा मैंने पाल रखी है। पार्टी के आदेश का पालन करना मेरा कर्तव्य है, पद में रहना, न रहना तकदीर की बात है,लेकिन पार्टी की सेवा सदैव मेरे लिए ऊंची है।


अन्य पोस्ट