दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 दिसंबर। जिले के 6 सीटों के रुझानों में 4 सीट पर बीजेपी आगे चल रही है, वहीं 2 सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। सातवें राउंड की गिनती के बाद पाटन विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी तथा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 4000 वोट से आगे चल रहे हैं।
पाटन विधानसभा की सीट प्रदेश में सबसे हॉट सीट मानी जा रही है यहां भाजपा के प्रत्याशी व सांसद विजय बघेल हैं, जो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से रिश्ते में भतीजे हैं। दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। दूसरे राउंड तक भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल आगे चल रहे थे, वहीं भिलाई नगर से वर्तमान विधायक तथा कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव 1000 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। भिलाई नगर में भाजपा के प्रत्याशी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे हैं।
सबसे बड़ी खबर है कि प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से पांचवें राउंड की गिनती के बाद करीब 6000 वोटों से पीछे चल रहे हैं। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक तथा भाजपा प्रत्याशी डोमन लाल कोर्सवाडा करीब 3000 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं, यहां कांग्रेस के प्रत्याशी तथा चरोदा के महापौर निर्मला कोसरे हैं। दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में अरुण वोरा करीब 12000 वोटो से पीछे चल रहे हैं, यहां भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र यादव सभी पांचों राउंड में बढ़त बनाए हुए हैं। वैशाली नगर विधानसभा में रिकेश सेन की बढ़त को देखते हुए उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। इस सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर है।








