दुर्ग
सूचना की पुष्टि के बिना उसे लाइक और शेयर न करें- डॉ. रचना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 दिसंबर। भारती विवि, दुर्ग के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। इस वेबिनार का विषय ‘मीडिया और सूचना साक्षरता: चुनौतियां एवं संभावनाएं’ था। इस राष्ट्रीय वेबिनार में डॉ. रचना गंगवार, एसोसिएट प्रोफेसर, जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग, बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर केन्द्रीय विवि, लखनऊ ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मीडिया जीवन के हर पहलू से जुड़ गया है। डॉ. गंगवार ने मीडिया साक्षरता की चुनौतियों और संभावनाओं की भी चर्चा की।
उन्होंने बताया कि एक तरह जहां फेक न्यूज, फेक कंटेंट, प्रोपेगेंडा, प्राइवेसी जैसी चुनौतियां हैं तो वहीं दूसरी तरफ सूचनाओं तक सहज पहुंच, गूगल मैप, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, ऑनलाइन इंटरव्यू, वर्क फ्रॉम होम जैसी संभावनाएं भी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया उपभोक्ताओं को सुझाव दिया कि किसी भी सूचना को बिना जांचे परखे अन्य व्यक्तियों या समूहों में साझा न करें।
आरंभ में विवि के कुलपति डॉ. आलोक भट्ट ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एवं विषय प्रवर्तन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. गुरु सरन लाल ने किया। धन्यवाद ज्ञापन फैकल्टी ऑफ साइंस की अधिष्ठाता डॉ. समन सिद्धिकी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, शोधार्थी, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।