दुर्ग

भारती विवि में विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम
02-Dec-2023 2:14 PM
भारती विवि में विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम

दुर्ग, 2 दिसंबर। शुक्रवार को भारती विवि दुर्ग में विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष में एचआईवी वायरस के संक्रमण तथा एड्स जैसी असाध्य बीमारी के रोकथाम एवं बचाव हेतु विद्यार्थियों के समक्ष जागरूकता लाने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. चांदनी अफसाना विभागाध्यक्ष वनस्पति विभाग ने एचआईवी संक्रमण के कारण एवं बचाव पर विस्तार पूर्वक चर्चा की तथा बताया कि एचआईवी वायरस मच्छर एवं कीट पतंग के काटने से, संक्रमित व्यक्ति के हाथ मिलाने से, संक्रमित व्यक्ति द्वारा उपयोग किए गए बर्तनों के उपयोग से, संक्रमित व्यक्ति द्वारा उपयोग किए गए शौचालय के उपयोग से या संक्रमित व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किए गए उपकरणों के उपयोग से नहीं फैलता है। जबकि इसका संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के साथ असुरक्षित यौन संबंध से, संक्रमित सुई या सिरिंज के साझा उपयोग से, संक्रमित माता से गर्भस्थ शिशु तथा संक्रमित रक्त या अन्य रक्त उत्पादों के उपयोग से फैलता है। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम ने समस्त विद्यार्थियों को एचआईवी वायरस के संक्रमण के बारे में समस्त जानकारी हासिल करते हुए इसके संक्रमण तथा बचाव के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से शपथ दिलाई। 

कार्यक्रम में प्राध्यापकगण डॉ. मुकेश राय, हर्ष दास, अपूर्वा चंद्राकर, श्रुति राव, आस्था चतुर्वेदी सहित राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ. रोहित कुमार वर्मा, जयंत बारिक का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम से बड़ी संख्या में विद्यार्थी लाभान्वित हुए।
 


अन्य पोस्ट