दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 नवंबर। बेमौसम बारिश के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिले में लगभग 50 लाख क्विंटल धान इससे किसानों के खेत व खलिहानों में भीग रहे हैं, वहीं उपार्जन केन्द्रों में भी 6लाख 9 हजार 888क्विंटल धान खुले आसमान के नीचे पड़ा है। कई समितियों में मंगलवार को टोकन लेने वाले बहुत से किसान बारिश के कारण अपना धान नहीं बेच पाए।
जानकारी के अनुसार जिले के 102 उपार्जन केन्द्रों में किसानों से अब तक 6 लाख51 हजार 763 क्विंटल धान खरीदे जा चुके हैं। इनमें 41 हजार 874 क्विंटल धान का ही मिलर्स ने उठाव किया है। शेष धान उपार्जन केद्रों में पड़े है, जो बारिश से खराब हो गए है, कृषक विश्राम साहू एवं सेवक राम साहू ने बताया कि बारिश की वजह से वे उपार्जन केन्द्र में लेकर पहुंचे अपना नहीं बेच पाए उन्हें इसकी वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा, अनेक समितियों धान लेकर पहुंचे किसान बारिश थमने का इंतजार करते शाम तक खड़े थे।
जिले में इस बार लगभग 55 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमान है लगभग 50 लाख क्विंटल धान किसानों के खेतों में रखे धान के करपा व खड़ी फसल के साथ तथा खलिहानों पड़े भीग रहे हैं। कृषक रवि प्रकाश ताम्रकार का कहना है कि बे मौसम बारिश सभी फसलों को बहुत नुकसान करेगा ऐसा कोई फसल नहीं जिसे इससे नुकसान न हुआ हो।
ग्राम बसनी के कृषक शेर सिंह ठाकुर का कहना है कि बारिश की वजह से उनके 70 एकड़ के टमाटर, 20 एकड़ की अरहर एवं22 एकड़ में लिए अन्य फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। टमाटर के लिए लगाए गए मंडप गिर रहे है, बारिश थमते ही उन्हें दवाई छिडक़ाव करना होगा। मौसम खुलने पर कोहरा छाएगा इससे टमाटर का फल कटेगा साथ ही फल में धब्बा भी आएगा टमाटर की फसल का अच्छा कीमत मिलना शुरू हुआ था, और बारिश हो गई इससे अब उन्हें फसल की आधी कीमत भी नहीं मिलेगी छग प्रगतिशील किसान संगठन के महा सचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना है कि सब्जियों की फसल में कीट ब्याधि लगेंगे।