दुर्ग

केवि सीआईएसएफ भिलाई में वार्षिक खेल समारोह का आयोजन
30-Nov-2023 3:00 PM
केवि सीआईएसएफ भिलाई में वार्षिक खेल समारोह का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 नवंबर।
केवि सीआईएसएफ भिलाई में बुधवार को वार्षिक खेलकूद समारोह का आयोजन किया गया। इसके अन्तर्गत केन्द्रीय विद्यालय संगठन की परंपरा के अनुसार विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। 

इस समारोह में सत्र के दौरान विद्यालय स्तर, संभागीय स्तर तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कार वितरण भी किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि बी. आर. ढाका, सीनियर कमांडेंट, तृतीय आरवाहिनी, सीआईएसफ उतई थे। 

मुख्य अतिथि के आगमन पर विद्यालय प्राचार्य भुवनेश्वरी जी की अगुवाई में स्काउट गाइड के छात्रों के द्वारा पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। तत्पश्चात खेल परम्परा के अनुसार मुख्य अतिथि और राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं द्वारा मशाल प्रज्वलित कर खेल समारोह का आगाज़ किया गया। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा चित्ताकर्षक मार्चपास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। खेल आरंभ होने से पूर्व विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिसमें गुजराती नृत्य, प्राथमिक विभाग के छात्रों के द्वारा एरोबिक एवं योग के विभिन्न आसनों का सुंदर प्रदर्शन किया गया। शीतकाल के आगमन के साथ तापमान में आई कमी के बावजूद विद्यार्थियों के उत्साह में कोई कमी नहीं रही। 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा सत्र भर विद्यालय स्तर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों एवं विजेताओं को मुख्य अतिथि के द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय विद्यालय के राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले तथा पुरस्कार अर्जित करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया ।

उल्लेखनीय है कि बालिका वर्ग में दिव्यांशी उपाध्याय और बालक वर्ग में मा.जयंत कुमार वॉलीबॉल के लिए राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता के लिए चयनित किए गए हैं। केविसं के राष्ट्रीय स्तर पर रस्सीकूद प्रतियोगिता बालिका वर्ग का आयोजन पुणे शहर में आयोजित किया गया था जिसमें विद्यालय की छात्रा रानी मोग, गरिमा कोसरिया, युक्ति वर्मा, कु.निहारिका निषाद ओसिन मिंज ने विभिन्न वर्ग में पदक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। बालक वर्ग में प्रांजल ठाकुर, ऐश्वर्य ठाकुर, अथर्व निर्मलकर, प्रियांशु जैन, राहुल साहू, पूर्वेश देवांगन, योगेश प्रजापति ने हैदराबाद में आयोजित केविसं राष्ट्रीय रस्सीकूद प्रतियोगिता में भाग लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक सहित पुरस्कार प्राप्त कर अपने विद्यालय को गौरवान्वित किया। 

विद्यालय प्राचार्य भुवनेश्वरी ने अपने संबोधन में विद्यालय में आयोजित होने वाले खेल गतिविधियों परिचय देते हुए तथा विद्यालय की खेल संबंधी उपलब्धियों का वार्षिक विवरण प्रस्तुत करते हुए छात्रों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं स्वस्थ तन -मन तथा पोशाक आहार के विषय में बताते हुए छात्रों का उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन किया। उन्होंने संभाग एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उपलब्धियों के विषय में जानकारी प्रदान किया तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्रों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि बी.आर. ढाका जी ने विद्यालय को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य में अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इस खेल समारोह में शिक्षक - शिक्षिकाओं के लिए भी रोचक खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया जिसमें सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और उन्हें भी पुरस्कार प्रदान किया गया।

खेल समारोह का सुव्यवस्थित आयोजन करने में खेल शिक्षक पंकज शुक्ला की सबसे अहम भूमिका रही। सत्र के सभी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उनके मार्गदर्शन में सम्पन्न किया गया। 

खेल दिवस समारोह में उद्घोषक के उत्तरदायित्व का निर्वहन शिक्षक वी. के. सिंह एवं शिक्षिका एकता पाण्डेय द्वारा किया गया। विविध कार्यक्रमों के आयोजन में गीतू, शैलेष बेंजामिन, ए. बी. सिंह, सुषमा नायक, रोशनी चंद्राकर, मोनिका देवी रीना साहू, डी.ए.गिरिया, माधुरी वर्मा, उमेश कुमार संत, सुपूनम टोप्पो, चंद्रकांत साहू, शेफाली डीन, गामेश्वरी साहू, डी.के. साहू, नेहा सिंह, आरती मौर्या, लुकेश्वर साहू का विशेष योगदान रहा है। 


अन्य पोस्ट