दुर्ग
एसएसपी की फटकार, घटना के 19 दिन बाद थाना में जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 नवंबर। दुर्ग जिले के भिलाई में एक मजदूर की फैक्ट्री में उंगली कर गई। वह कई दिनों से न्याय की गुहार लगाता कभी फैक्ट्री तो कभी थाना का चक्कर लगाता रहा। अंतत: एसएसपी से शिकायत बाद खुर्सीपार पुलिस ने फैक्ट्री में हुई इस दुर्घटना के लिए कंपनी संचालक को जिम्मेदार मानते हुए उसके खिलाफ धारा 287, 338 के तहत कार्रवाई की है।
पीडि़त मजदूर का आरोप है कि मिन्नी इंडस्ट्रियल यूनिट खुर्सीपार में बिना सुरक्षा मानक के मजदूरों से काम लिया जा रहा था। जब दुर्घटना में उसकी उंगली कट गई तो कंपनी मालिक ने उसे बिना इलाज और मुआवजा दिए भगा दिया। पीडि़त मजदूर ने जब इसकी शिकायत दुर्ग एसएसपी से की, उसके बाद खुर्सीपार पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
घायल मजदूर सुमित कुमार लाजेंवार (34 साल) ने बताया कि वो जागीर चौक पंजाबी मोहल्ला न्यू खुर्सीपार में रहता है तथा भिलाई के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित मिन्नी इंडस्ट्रियल यूनिट लाइट इंडस्ट्रियल एरिया 93ए में कुशल वर्कर की हैसियत से काम करता था।
दीपावली के ठीक एक दिन पहले रात दो बजे सुमित मशीन में काम कर रहा था। इसी दौरान उनका दाहिना हाथ मशीन में फंस गया और वो बुरी तरह घायल हो गया। घायल होने के बाद सुमित ने अपने परिजनों और डायल 112 को फोन करवाया। मौके पर पहुंची 112 की गाड़ी ने उसे सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत के चलते सुमित को बीएम शाह अस्पताल रेफर किया गया।
यहां इलाज के दौरान सुमित के हाथ की उंगली काटनी पड़ी। इलाज में अधिक पैसे खर्च होने पर सुमित ने फैक्ट्री के मालिक अमन अग्रवाल से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उसने उसकी एक नहीं सुनी और कोई भी मदद करने से मना कर दिया। सुमित मामले की शिकायत करने जब खुर्सीपार थाना गया तो वहां भी अमित अग्रवाल के प्रभाव से पुलिसवालों ने सुमित की गुहार नहीं सुनी। तब वो एसएसपी दुर्ग के पास पहुंचा और जब एसएसपी ने टीआई को फटकार लगाई तब जाकर सुमित की घटना के 19 दिन बाद एफआईआर दर्ज हुई।
सुमित ने पुलिस को बताया कि मिन्नी इंडस्ट्रियल यूनिट में 50-60 के करीब मजदूर अलग-अलग प्रकार के कार्य करते हैं। यहां जीआई वायर बनाने का कार्य किया जाता है। काफी जोखिम भरा काम होने के बाद भी कंपनी का मालिक मजदूरों को सुरक्षा के कोई उपकरण नहीं देता है। यहां के कर्मियों ने मालिक से जूता, हैंड्स ग्लब्स और हेलमेट जैसी चीजों की मांग की, लेकिन उसने बिना उसके ही काम करने को कहा। मालिक की इसी लापरवाही के चलते यह दुर्घटना घटी। जिस समय सुमित का हाथ मशीन में फंसा यदि उसने हैंड्स ग्लब्स पहना होता तो उसके हाथ की उंगली नहीं काटनी पड़ती।
विदित हो कि निजी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए सरकार ईएसआईसी कार्ड बनाती है। नियम के मुताबिक कंपनी को अपने सभी कर्मचारियों को यह कार्ड बनाना है और जो भी निर्धारित शुल्क है उसे मजदूर की वेतन या अपने पास से देना है।
सुमित ने आरोप लगाया कि मिन्नी इंडस्ट्रियल यूनिट में किसी भी मजदूर का ईएसआईसी कार्ड नहीं बना है। घायल होने जाने पर उन्हें खुद से इलाज कराना पड़ता है। इस बारे में कंपनी के संचालक अमन अग्रवाल का कहना है कि वो सभी नियमों का पालन करते हैं।
खुर्सीपार थाना प्रभारी उमेंद टंडन ने बताया कि जांच और बयान के बाद उन्होंने कंपनी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।