दुर्ग

जिले भर के बैंकों की सुरक्षा जांचने पहुंची पुलिस की अलग-अलग टीम
29-Nov-2023 9:18 PM
 जिले भर के बैंकों की सुरक्षा जांचने पहुंची पुलिस की अलग-अलग टीम

एटीएम, कैमरे, गार्ड, सेंसर के संबंध में पड़ताल
कमी पर बैंकों को जारी होगा नोटिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 29 नवंबर।
आईजी दुर्ग रेंज दुर्ग के निर्देश पर आज जिले के समस्त बैंको का पुलिस टीम ने आकस्मिक निरीक्षक किया और सुरक्षा इंतजामों को भी जांचा। एसएसपी द्वारा बैंक प्रबंधन को एटीएम एवं बैंक में गार्ड, सेंसर, कैमरा, अलार्म सिस्टम को दुरुस्त करने निर्देश भी दिए गए हैं।

आपको बता दें कि पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग बद्री नारायण मीणा के निर्देश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग राम गोपाल गर्ग द्वारा बैंको के सुरक्षा ऑडिट के संबंध में दिए गए आदेशा पर आज एएसपी शहर और ग्रामीण के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्राइवेट एवं सरकारी बैंक में सुबह 10 बजे से समस्त थाना व चौकी प्रभारियों के द्वारा आकस्मिक निरीक्षक किया गया। 

बैंक चैकिंग के दौरान बैंकों में सुरक्षा प्रबंध, चाक-चौबंद करने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। आज जिन बैंकों में सुरक्षा प्रबंधों में चूक पाई गई उन बैंकों को नोटिस भी जारी किया जाएगा। जिन बैंकों में गार्ड और सीसीटीवी की व्यवस्था नहीं होगी, उन बैंकों को पुलिस द्वारा नोटिस जारी कर आवश्यक कार्यवाही होगी।

आज चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओ पर बैंक के अधिकारियों से चर्चा कर समझाइश दी। इन दिनों बैंकों एवं एटीएम में आपराधिक वारदातों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं को रोकने के लिए बैंकों का सहयोग होना बेहद जरूरी है। बैंक अधिकारी स्वयं व बैंक के गार्ड के बारे में जानकारी नजदीकी थाने में अवश्य दें ताकि जरूरत के समय आपस में संपर्क हो सके। इसके अलावा बैंकों में सुरक्षा मानकों की समय-समय की जांच अवश्य करवाने के लिए बैंक प्रबंधन को नोट करवाया गया। 

बैंकों के अंदर व बाहर हाई रेज्यूलेश के कैमरे लगे हों व इसमें ज्यादा से ज्यादा दिनों की रिकार्डिंग सेव रहे। बैंकों का अलार्म सिस्टम दुरूस्त हो व जहां कैश रखा जाता है, वहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हो। एटीएम में सुरक्षा गार्ड के साथ-साथ अच्छी क्वालिटी के सेंसर भी लगे हों। बैंक में या आसपास अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है तो तुरंत इस बारे डायल 112 पर सूचना दें। सभी एटीएम में डायल 112 के नंबर, थाना प्रभारियों एवम वरिष्ठ अधिकारियों के नंबर चस्पा करने के निर्देश भी दिए गए।


अन्य पोस्ट