दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 नवंबर। मंगलवार की सुबह दुर्ग से डोंगरगढ़ की ओर जा रही मालगाड़ी के इंजन पर चढ़े अज्ञात युवक की रसमड़ा स्टेशन पर हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से जलकर मौत हो गई।
राजनांदगांव जीआरपी पुलिस मामले की जांच कर रही है। जीआरपी राजनांदगांव के हेड कांस्टेबल यशवंत सिंह ने बताया कि घटना सुबह लगभग 9 बजे की है। भिलाई की ओर से डोंगरगढ़ की ओर जाने वाली मालगाड़ी रसमड़ा स्टेशन पर खड़ी हुई थी।
इसी दौरान अचानक लगभग 40 वर्षीय युवक इंजन पर चढ़ कर खड़ा हो गया। इसी दौरान वह रेलवे की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया और वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह जल गया। जानकारी मिलते ही मौके पर जीआरपी की टीम, रेलवे के अधिकारी व कर्मी पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद शव को हाई टेंशन लाइन से अलग कर नीचे उतरा जीआरपी पुलिस ने उसे जिला अस्पताल राजनांदगांव ले जाकर मर्चुरी में रखा है।
जीआरपी पुलिस अज्ञात मृतक के परिजनों की तलाश में लगी हुई है।