दुर्ग
आयुक्त के निर्देश बाद तोड़फोड़ टीम हुई तैयार, 6 तारीख से सुपेला से पावर हाऊस कब्जा हटेगा
भिलाई नगर, 28 नवंबर। नगर निगम व ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ की सर्विस रोड पर बुधवार से अवैध कब्जा हटाने का बड़ा अभियान चलाया जायेगा।
आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर के सर्विस रोड पर यातायात को सुगम बनाने नगर निगम और यातायात पुलिस यह बेदखली अभियान चलायेगी। कार्रवाई के लिए आयुक्त द्वारा दल का गठन कर नेहरू नगर चौक से डबरापारा चौक तक बेदखली अभियान चलाने आदेश जारी कर दिया गया है।
निगम आयुक्त रोहित व्यास द्वारा जारी आदेश में राजस्व अधिकारी प्रीति सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब हो कि जीई रोड के उत्तर एवं दक्षिण दिशा के सर्विस रोड पर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के पार्किंग स्थलों पर आटो डीलर व्यवसायियों द्वारा सेकेण्ड हैंड वाहनों को रखकर क्रय-विक्रय किया जा रहा है, साथ ही सर्विस रोड पर सर्विसिंग सेंटर, वाहन मेेकेनिक तथा कंडम वाहन को रखा गया है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। वाहनों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए निगम प्रशासन तथा यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर वाहनों को हटाने तथा अवैध कब्जों पर बेदखली की कार्यवाही होगी। निगम की गठित टीम में धीरज साहू, अंकित सक्सेना, जगदीश तिवारी, अनिल मिश्रा, अनिल मेश्राम, आरके तिवारी, बालकृष्ण नायडू, सुदामा परगनिहा, मलखान सोरी, व्हीके सैमुअल तथा हरिओम गुप्ता बेदखली दस्ता के साथ उपस्थित रहेंगे। यह टीम 29 एवं 30 नवम्बर को सुबह 10:30 बजे से नेहरू नगर चौक से सुपेला चौक तक कोसा नगर टोल प्लाजा, उत्तर गंगोत्री, दक्षिण गंगोत्री, सुपेला चौक से मौर्या टाॅकीज चौक तक हनुमान मंदिर, कमला मेडिकल, काॅन्ट्रेक्टर काॅलोनी, शिवनाथ काम्प्लेक्स, व्यवसायिक क्षेत्र में कार्यवाही करेगी। इसी प्रकार 6, 7 एवं 8 दिसंबर को चंद्रा मौर्या टाकीज चौक से पावर हाउस चौक तक अन्नपूर्णा मार्केट, वीर सावरकर मार्केट, बसंत टाॅकीज, विजय काम्प्लेक्स, भारत माता मार्केट, शिवनाथ विस्तार, व्यवसायिक क्षेत्र, पावर हाउस चौक से डबरापारा चौक तक दीनदयाल पुरम व्यवसायिक क्षेत्र, आरएसएस मार्केट, भारत माता मार्केट क्षेत्र में कार्यवाही की जाएगी। बीते दिनों निगम द्वारा इन क्षेत्रों के व्यापारियों की बैठक लेकर होने वाली कार्यवाही से अवगत कराया जा चुका है।