दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 नवंबर। चाकू से प्राण घातक हमला कर प्रार्थी को गंभीर चोट पहुंचाने वाले आरोपी को पुलिस ने कच्चे भानु प्रतापपुर से गिरफ्तार किया है । आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेजा गया है। उसके अन्य फरार साथी की पुलिस तलाश कर रही है।
8 नवंबर की रात्रि को सिद्धार्थ श्रीवास्तव अपनी मोटरसाइकिल से अपने दोस्तों मुकेश साहू व राजा देवांगन के साथ बैठकर अपने घर सुभाष नगर दुर्ग जा रहा था। तभी आरोपी मनीष जसवानी अपने साथियों के साथ कार क्रमांक सीजी 10 एमजे 0101 पर आया और सिद्धार्थ श्रीवास्तव के मोटर साइकिल को ठोकर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट करते हुए दौड़ाया।
जब सिद्धार्थ अपनी मोटरसाइकिल को छोडक़र राजेंद्र पार्क के पास पहुंचा तो आरोपीगण हत्या कर देने की धमकी देकर मुक्का, चाकू, स्टील के पाइप आदि से सिद्धार्थ पर वार किये और वहां से फरार हो गए। घायल को गंभीर चोट आने पर उसे तुरंत शासकीय अस्पताल दुर्ग में ले जाकर भर्ती किया गया। प्रार्थी के भाई प्रवीण श्रीवास्तव की शिकायत पर पदमनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी मनीष जसवानी उर्फ जानू 29 वर्ष निवासी कादंबरी कॉलोनी थाना मोहन नगर के खिलाफ धारा 307,34 एवं 25-27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था।
नगर पुलिस अधीक्षक मणीशंकर चंद्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर 27 नवंबर को आरोपी की तलाश में भेजी गई थी। टीम ने कच्चे भानु प्रतापपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू, प्रधान आरक्षक मोहनलाल साहू, आरक्षक किशोर सोनी, भरथरी निषाद, आरक्षक प्रशांत पाटणकर, मुकेश पसीने की उल्लेखनीय भूमिका रही।