दुर्ग
पाम्पलेट और ऑडियो जिंगल से समझा रहे लेन डिसिप्लिन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 नवंबर। नेशनल हाईवे-53 पर भारी वाहन चालकों को बायें लेन का प्रयोग करने दिये गये निर्देश के परिपालन में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा बाफना टोल एवं कुम्हारी टोल प्लाजा में दोनों मार्ग पर भारी वाहन चालकों को बायें लेन में चलने हेतु पाम्पलेट एवं जिंगल के माध्यम से हाइवे पेट्रोलिंग जवानों के द्वारा अपील की जा रही है, ताकि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और दुर्घटना की आशंका को खत्म किया जा सके।
ज्ञात हो कि अभियान के तहत नेशनल हाईवे - 53, अंजोरा बाईपास से कुम्हारी टोल तक 40 किलोमीटर के क्षेत्र में 30 किलोमीटर का क्षेत्र शहर के अंतर्गत आता है एवं राजधानी रायपुर से लगे होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। नेशनल हाईवे 53 में प्रतिदिन 30 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं जिसमें से लगभग 4 हजार भारी वाहन होता है। भारी वाहन बायें लेन में चलने से एवं लेन डिसिप्लीन का पालन करने से सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है साथ ही चौक चौराहो में जाम की स्थिति निर्मित नहीं होती। छोटे चार पहिया वाहन चालक आसानी से दायें लेन का प्रयोग कर सकते हैं जिससे गलत लेन से ओवर टेक करने से होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
इस वर्ष नेशनल हाईवे-53 में 194 सडक़ दुर्घटनाओं मे 128 घायल एवं 46 लोगो की मृत्यु कारित हुई है। जिसे कम करना यातायात पुलिस का मूल उद्देश्य है। जिस पर यातायात पुलिस दुर्ग निरंतर कार्य कर सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने प्रयास करते आ रही है। वर्तमान में जिले के अंतर्गत 6 ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना जन्य क्षेत्र) हैं जिसमें से 4 ब्लैक स्पॉट गुरुद्वारा चौक से नेहरू नगर चौक, आईटीआई से तेलहा नाला खुर्सीपार डबरा पारा चौक, डीएमसी कटिंग से खारून ग्रीन कुम्हारी नेशनल हाईवे है। यातायात पुलिस दुर्ग प्रथम चरण में भारी वाहन चालकों को समझाइश देने का कार्य कर रही है। इसके पश्चात जो वाहन चालक लेन डिसिप्लिन का पालन नहीं करेंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।
इस जागरूकता अभियान फॉलो ट्रैफिक ले कैम्पेन का शुभांरभ उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) सतीश ठाकुर की उपस्थिति में बाफना टोल प्लाजा से किया गया।
इस दौरान निरीक्षक पीडी चन्द्रा प्रभारी यातायात जोन आकाश गंगा, निरीक्षक बोधीराम घिरहे प्रभारी यातायात जोन भिलाई-3, निरीक्षक यशकरण ध्रुवे प्रभारी यातायात जोन दुर्ग, हाईवे पेट्रोलिग 1 से 4 के जवान, दुर्ग शिवनाथ एक्सप्रेस-वे के प्रोजेक्ट मैनेजर एच करूनाकर, टोल प्लाजा मेनेजर अमित कुमार, मेन्टेनेश मैनेजर सिकंदरा, हरि रेड्डी, पंकज दुबे, श्रवन साहू, उपस्थित रहे।